जन आंदोलन बना अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, योग संगम पोर्टल पर 6 लाख से ज्यादा संगठनों ने कराया पंजीकरण
Sandesh Wahak Digital Desk: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 को लेकर पूरे देश में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने के लिए आयुष मंत्रालय ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। मंत्रालय द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, इस साल की विशेष पहल योग संगम पोर्टल पर पंजीकरण कराने वाले संस्थानों की संख्या 6 लाख के ऐतिहासिक आंकड़े को पार कर गई है। आगामी 21 जून को देश भर के तमाम संगठन कॉमन योग प्रोटोकॉल (CYP) का पालन करते हुए एक साथ योगाभ्यास करेंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आयोजित मुख्य सत्र का हिस्सा बनेंगे। मंत्रालय ने इस भारी प्रतिक्रिया को योग के प्रति देश की एकजुटता और अभूतपूर्व उत्साह का प्रतीक बताया है।
राष्ट्रीय स्तर पर जुड़ाव और राज्यों की भागीदारी
यह डिजिटल पहल देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 778 जिलों तक अपनी पहुंच बना चुकी है। पोर्टल पर अब तक 3.22 लाख से अधिक सरकारी संस्थान, लगभग 2 लाख शैक्षणिक संस्थान, 16,000 निजी कंपनियां, 5,000 से ज्यादा गैर-सरकारी संगठन और अन्य श्रेणियों के लगभग 44,000 संस्थान रजिस्टर्ड हो चुके हैं। राज्यों में पश्चिम बंगाल 2.76 लाख से अधिक पंजीकरणों के साथ सबसे आगे है, जबकि राजस्थान करीब 1.50 लाख के आंकड़े के साथ दूसरे स्थान पर है। इसके अलावा महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और आंध्र प्रदेश जैसे राज्यों से भी बड़े पैमाने पर भागीदारी दर्ज की गई है।
स्वस्थ बुढ़ापे के लिए योग थीम पर फोकस
इस वर्ष का अंतरराष्ट्रीय योग दिवस स्वस्थ बुढ़ापे के लिए योग थीम पर आधारित है। आयुष मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पीएम मोदी के संदेश को साझा करते हुए लिखा कि स्वस्थ नागरिक ही एक स्वस्थ समाज की नींव रखते हैं और योग इसे सुनिश्चित करता है। मंत्रालय ने अभी भी बचे हुए संगठनों और कम्युनिटी ग्रुप्स से अपील की है कि वे ‘योग संगम पोर्टल’ पर जाकर अपना बुनियादी विवरण, कार्यक्रम स्थल की जानकारी दर्ज करें और रेफरेंस नंबर प्राप्त कर इस वैश्विक स्वास्थ्य आंदोलन का हिस्सा बनें।
Also Read: 14 साल की लड़की से तांत्रिक करता रहा रेप, पिता खुद छोड़कर आता था कुटिया, नाबालिग हुई प्रेगनेंट

