आज से शुरू होगा समय रैना का इंडियाज गॉट लेटेंट 2, जानें कब और कहां होगा स्ट्रीम

Samay Raina India’s Got Latent Season 2: कॉमेडियन समय रैना का चर्चित शो इंडियाज गॉट लेटेंट 2 एक बार फिर सुर्खियों में है और इस बार यह अपने दूसरे सीजन के साथ वापसी कर रहा है। पिछले साल विवादों में रहे इस शो का नया सीजन आज यानी 20 जून से दर्शकों के लिए उपलब्ध होगा। खास बात यह है कि इस बार शो सिर्फ यूट्यूब तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे नेटफ्लिक्स पर भी स्ट्रीम किया जाएगा। नेटफ्लिक्स ने एक मजेदार प्रोमो वीडियो के जरिए इस लॉन्च का ऐलान किया है। पहला एपिसोड आज शाम 7 बजे दोनों प्लेटफॉर्म पर एक साथ रिलीज किया जाएगा।

यूट्यूब और नेटफ्लिक्स पर होगा एक साथ रिलीज 

पहले सीजन में इंडियाज गॉट लेटेंट 2 केवल यूट्यूब पर उपलब्ध था और इसे देखने के लिए मेंबरशिप की जरूरत पड़ती थी। लेकिन इस बार समय रैना ने दर्शकों के लिए बड़ा बदलाव किया है। शो के एपिसोड अब यूट्यूब पर फ्री में भी उपलब्ध होंगे, जबकि नेटफ्लिक्स पर इन्हें बिना विज्ञापन के देखा जा सकेगा। 

समय रैना ने इंस्टाग्राम स्टोरी में साफ किया कि वह अपनी यूट्यूब कम्युनिटी को कभी पीछे नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि दोनों प्लेटफॉर्म पर एपिसोड एक ही समय और समान अवधि के साथ रिलीज होंगे।

पहले ही एपिसोड में दिखेंगे बड़े सितारे 

सीजन 2 के पहले एपिसोड में बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट, शरवरी वाघ और कॉमेडियन आशीष सोलंकी गेस्ट के तौर पर नजर आएंगे। शो का कॉन्सेप्ट पहले जैसा ही है, जिसमें कंटेस्टेंट अपना टैलेंट दिखाने से पहले खुद को एक स्कोर देते हैं। बाद में जज पैनल के एवरेज स्कोर से मिलान होने पर उन्हें इनाम दिया जाता है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि नेटफ्लिक्स पर आने के बाद शो के फॉर्मेट या इनाम में कोई बदलाव होता है या नहीं।

समय रैना ने नेटफ्लिक्स इंडिया को इस नए सहयोग के लिए धन्यवाद भी दिया और कहा कि यह पहली बार है जब कोई शो दोनों प्लेटफॉर्म पर एक साथ रिलीज हो रहा है। उन्होंने इस कदम को अपने दर्शकों के लिए एक खास तोहफा बताया है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि यह नया सीजन कितना मनोरंजन और सफलता हासिल करता है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.