Indian Idol में ऋषि सिंह और अभिजीत सावंत के बीच तीखी बहस, हिमेश रेशमिया भी रह गए हैरान
Entertainment News: सिंगिंग रियलिटी शो ‘इंडियन आइडल लेजेंड्स रिटर्न्स’ में इन दिनों सिंगर्स के बीच मुकाबला दिलचस्प होने के साथ-साथ विवादों का रूप भी लेता दिख रहा है।
शो के नए प्रोमो में सीजन 13 के विजेता और अयोध्या के ऋषि सिंह की अभिजीत सावंत के साथ तीखी बहस होती नजर आ रही है।
दोनों के बीच गायिकी और परफॉर्मेंस की रेटिंग को लेकर ऐसा टकराव हुआ कि जज हिमेश रेशमिया भी हैरान रह गए।
इस शो में इंडियन आइडल के अलग-अलग सीजन के चर्चित सिंगर्स एक-दूसरे को चुनौती दे रहे हैं। यहां सिंगर्स को एक-दूसरे की परफॉर्मेंस पर अंक देने का मौका भी मिल रहा है।
ऐसे में गायिकी की तारीफ के साथ कमियां निकालने का सिलसिला भी जारी है।
ऋषि सिंह की परफॉर्मेंस पर अभिजीत सावंत ने उठाए सवाल
आने वाले एपिसोड के प्रोमो में ऋषि सिंह की परफॉर्मेंस के बाद स्कोरिंग का दौर दिखाई देता है। इस दौरान अभिजीत सावंत ऋषि को कम अंक देते हैं और उनकी गायिकी पर सवाल उठाते हैं।
अभिजीत कहते हैं कि सिंगिंग में एक तरफ दर्द दिखाना होता है और दूसरी तरफ एग्रेशन। ऋषि की परफॉर्मेंस पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा, “ऐसा लग रहा था जैसे गर्लफ्रेंड का गला दबा रहे हो।”

अभिजीत की यह टिप्पणी सुनकर ऋषि नाराज हो जाते हैं। वह जवाब देते हैं, “आपको मेरी परफॉर्मेंस को सुनकर मजा नहीं आया तो बस इतना बोल दो। इतनी सारी बातें क्यों सुना रहे हो?”
‘आपको सीखने की चाहत नहीं रही’, अभिजीत के तंज पर भड़के ऋषि
दोनों के बीच बहस यहीं नहीं रुकती। अभिजीत सावंत ऋषि पर तंज कसते हुए कहते हैं कि अब उनमें सीखने की चाहत नहीं रही है।
इस टिप्पणी पर जज हिमेश रेशमिया भी प्रतिक्रिया देते हैं। वह इसे बड़ी बात बताते हुए कहते हैं कि यहां बाल की खाल निकाली जा रही है।
इसके बाद ऋषि सिंह भी अपने अंदाज में जवाब देते हैं। वह कहते हैं, “मैं मानता हूं यहां बैठे सभी सिंगर्स से मैं बेहतर साउंड करूंगा।” ऋषि का यह बयान सुनकर वहां मौजूद लोग हैरान नजर आते हैं।
करिश्मा कपूर भी दिखीं हैरान, सोशल मीडिया पर छिड़ी चर्चा
शो के प्रोमो में सिंगर्स के बीच बढ़ती तल्खी देखकर अभिनेत्री करिश्मा कपूर भी हैरान दिखाई देती हैं। वह आने वाले वीकेंड एपिसोड में गेस्ट के तौर पर नजर आएंगी।
प्रोमो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी ऋषि सिंह को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
कुछ यूजर्स उनके बेबाक अंदाज और बिना फिल्टर अपनी बात रखने की तारीफ कर रहे हैं, जबकि कुछ लोगों ने उनके बयान को घमंड से जोड़कर आलोचना की है।
गौरतलब है कि ऋषि सिंह ने इंडियन आइडल के सीजन 13 का खिताब जीता था। अपनी गायिकी से उन्होंने विराट कोहली समेत कई चर्चित हस्तियों को प्रभावित किया था।
अब देखना होगा कि शो के आगामी एपिसोड में ऋषि और अभिजीत के बीच यह विवाद किस मोड़ पर पहुंचता है।
Also Read: इमरान खान ने बॉम्बे हाई कोर्ट में मांगी माफी, आगे से किसी प्रदर्शन में नहीं होंगे शामिल

