‘दुनिया जीने नहीं दे रही’, ट्रोलिंग से टूटी हरियाणवी डांसर डिंपल चौधरी

Entertainment News: हरियाणवी डांसर डिंपल चौधरी इन दिनों सोशल मीडिया ट्रोलिंग को लेकर गहरे मानसिक तनाव से गुजर रही हैं।

हाल ही में उनका एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह कुछ लोगों से गाली-गलौज करती नजर आई थीं। वीडियो सामने आने के बाद डिंपल को सोशल मीडिया पर तीखी आलोचना और ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा।

अब इस पूरे मामले पर डिंपल चौधरी ने भावुक होकर अपनी प्रतिक्रिया दी है।

डिंपल ने कहा कि जिस वक्त यह घटना हुई, उस समय वह अपने परिवार—भाई-बहनों—के साथ थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग जबरदस्ती उनकी प्राइवेसी में दखल दे रहे थे और फोटो खिंचवाने का दबाव बना रहे थे।

डिंपल के मुताबिक, मना करने पर उन्हें बदतमीज और घमंडी बताकर वीडियो बनाए गए और बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।

डिंपल ने सफाई देते हुए कहा, “अगर कोई सम्मान से ‘डिंपल जी’ या ‘बहन जी’ कहकर फोटो मांगता, तो मैं कभी मना नहीं करती।

मेरे सोशल मीडिया अकाउंट पर देख लीजिए, मैं कितनी बार लोगों को रुक-रुककर फोटो देती हूं, गाड़ी से उतरकर भी फोटो खिंचवाती हूं। फिर मुझ पर घमंड का आरोप क्यों लगाया जा रहा है?”

उन्होंने यह भी बताया कि लगातार हो रही आलोचना और बदनामी से उनकी मानसिक स्थिति पर गहरा असर पड़ा है।

डिंपल ने कहा कि वह अंदर से टूट चुकी हैं और इस दबाव के कारण उन्हें गलत ख्याल भी आने लगे हैं। उन्होंने भावुक अपील करते हुए कहा कि लोग उन्हें परेशान करना बंद करें और उनकी छवि खराब न करें।

डिंपल चौधरी के शब्दों में, “मैं बहुत कोशिश कर रही हूं कि कोई गलत कदम न उठाऊं, लेकिन मेरी हालत ठीक नहीं है। प्लीज मुझे मत छेड़ो, मुझे बदनाम मत करो। मैं हाथ जोड़कर कह रही हूं।”

पूरा मामला क्या है?

जानकारी के अनुसार, डिंपल चौधरी अपने परिवार के साथ बाहर गई थीं, तभी कुछ युवकों ने उनके साथ फोटो खिंचवाने की मांग की।

डिंपल के इनकार के बाद बहस बढ़ गई और गुस्से में उन्होंने आपा खो दिया। इसी दौरान बनाया गया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद यह विवाद खड़ा हुआ।

यह मामला एक बार फिर सोशल मीडिया ट्रोलिंग, प्राइवेसी और सार्वजनिक हस्तियों पर पड़ने वाले मानसिक दबाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।

Also Read: Aamir Khan: बड़े पर्दे पर दिखेगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की प्रेरक कहानी, आमिर खान प्रोडक्शंस बना रहा डॉक्यूमेंट्री

Get real time updates directly on you device, subscribe now.