Ballia News: पुराने गुंडे मिट्टी में मिल गए, नए भी मिलाए जाएंगे थानाध्यक्ष का विवादित बयान
Ballia News: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां रसड़ा कोतवाली में मोहर्रम को लेकर पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक का उद्देश्य त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना था। इसमें मुस्लिम समाज के कई जिम्मेदार लोग, ताजिया जुलूस के आयोजक और समाजसेवी शामिल हुए थे। इसी बैठक के दौरान थानाध्यक्ष योगेंद्र बहादुर सिंह ने ऐसा बयान दिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में थानाध्यक्ष यह कहते नजर आ रहे हैं कि ताजिया जुलूस के दौरान किसी भी तरह की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि “गुंडागर्दी से आगे चलेंगे तो गुंडागर्दी नहीं चलेगी, इंसानियत के हिसाब से सब चलना होगा।”
उन्होंने आगे कहा कि सभी लोग एक हैं और किसी भी तरह का आगे-पीछे चलने का विवाद नहीं होना चाहिए। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि पहले दुर्गा पूजा में भी ऐसे विवाद होते थे, जो अब खत्म हो चुके हैं।
सबसे ज्यादा विवाद थानाध्यक्ष के उस बयान पर हो रहा है, जिसमें उन्होंने कहा कि “सारे पुराने गुंडे मिट्टी में मिल गए हैं, जो नए गुंडे पैदा होंगे वह भी मिट्टी में मिला दिए जाएंगे।” उन्होंने यह भी कहा कि ताजिया निकालने की व्यवस्था इंसानों द्वारा बनाई गई है और इसमें किसी तरह का विवाद स्वीकार नहीं किया जाएगा। उनका यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है।
सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रिया
वीडियो वायरल होने के बाद लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग थानाध्यक्ष के इस बयान को कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम बता रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसे समुदाय विशेष पर सख्ती के रूप में देख रहे हैं और आलोचना कर रहे हैं। फिलहाल यह मामला चर्चा में बना हुआ है और पुलिस प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

