अखिलेश पर पोस्ट पड़ी भारी! कैबिनेट मंत्री नंदी के खिलाफ कोर्ट पहुंचा मामला, परिवाद दर्ज
Prayagraj News: उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और प्रयागराज की इलाहाबाद दक्षिण सीट से विधायक नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने के मामले में अदालत का दरवाजा खटखटाया गया है। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव और सांसद डिंपल यादव के खिलाफ कथित मानहानिकारक टिप्पणियां करने के आरोप में प्रयागराज की अदालत में परिवाद दायर किया गया है।
मामले की सुनवाई के बाद न्यायालय ने परिवाद स्वीकार कर लिया है और अगली सुनवाई 20 अगस्त 2026 तय की है। उस दिन परिवादी का बयान दर्ज किया जाएगा, जिसके बाद अदालत आगे की कानूनी कार्रवाई पर निर्णय लेगी।
सपा कार्यकर्ता ने दायर किया परिवाद
यह परिवाद समाजवादी पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता संदीप यादव की ओर से दाखिल किया गया है। परिवादी के अधिवक्ता विनोद मणि त्रिपाठी ने न्यायिक मजिस्ट्रेट योगेश जैन की अदालत में पक्ष रखा। अदालत ने प्रथम दृष्टया परिवाद दर्ज करते हुए मामले की सुनवाई आगे बढ़ाने का आदेश दिया।
परिवाद में आरोप लगाया गया है कि 18 जुलाई 2026 को मंत्री नंदी के आधिकारिक फेसबुक और एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट से ऐसे वीडियो और पोस्ट साझा किए गए, जिनमें अखिलेश यादव, मुलायम सिंह यादव, डिंपल यादव और समाजवादी पार्टी के बारे में कथित तौर पर भ्रामक, तथ्यहीन और अपमानजनक टिप्पणियां की गईं।
याचिका में यह भी दावा किया गया है कि इन पोस्टों को मंत्री के समर्थकों और कई अन्य सोशल मीडिया अकाउंट्स के जरिए व्यापक स्तर पर प्रसारित किया गया, जिससे सपा नेतृत्व की छवि धूमिल करने का प्रयास हुआ।
इन धाराओं में कार्रवाई की मांग
परिवादी ने अदालत में कथित पोस्ट, वीडियो और सोशल मीडिया लिंक को साक्ष्य के रूप में पेश किया है। साथ ही भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196(1), 319(2), 352, 353(2) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की मांग की गई है।परिवाद में कहा गया है कि इन पोस्टों से समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी है और इससे सामाजिक वैमनस्य तथा कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका भी पैदा हुई है। अदालत से मंत्री नंदी को तलब कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है।
Also Read: छात्रों को नौकरी नहीं, लाठियां मिल रही हैं, अखिलेश यादव ने BJP पर साधा निशाना

