आज हमें किया जा सकता है गिरफ्तार, CJP संस्थापक अभिजीत दीपके का दावा, समर्थकों से की ये अपील
Abhijeet Deepke: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने दावा किया है कि उनकी टीम को शुक्रवार रात गिरफ्तार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि उन्हें इस संबंध में इनपुट मिला है। साथ ही उन्होंने अपने समर्थकों से किसी भी स्थिति में शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन जारी रखने की अपील की। शुक्रवार को CJP और सरकार के प्रतिनिधियों के बीच बैठक भी प्रस्तावित है। इससे पहले जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक अपनी भूख हड़ताल समाप्त कर चुके हैं।
’35 दिन से शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे हैं’
अभिजीत दीपके ने कहा, “हमें गिरफ्तार करने की तैयारी की जा रही है, जबकि हम पिछले 35 दिनों से पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से धरने पर बैठे हैं। शायद आजाद भारत के इतिहास में इतना शांतिपूर्ण प्रदर्शन कम ही देखने को मिला होगा।” उन्होंने कहा कि उनका आंदोलन महात्मा गांधी, डॉ. भीमराव आंबेडकर और संविधान के रास्ते पर चलने वाला आंदोलन है। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि जब प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण है, तो गिरफ्तारी की जरूरत क्यों पड़ रही है।
सरकार को चेतावनी, समर्थकों को शांति का संदेश
दीपके ने आरोप लगाया कि पहले सोनम वांगचुक को जबरन हटाने और प्रदर्शनकारियों के साथ कथित दुर्व्यवहार के बाद आंदोलन और तेज हुआ। उन्होंने सरकार से अपील की कि गिरफ्तारी जैसी कार्रवाई से बचा जाए, क्योंकि इससे आंदोलन और व्यापक हो सकता है।
उन्होंने समर्थकों से कहा कि यदि उनकी टीम को गिरफ्तार किया जाता है, तब भी आंदोलन देशभर में पूरी तरह शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से जारी रखा जाए। उन्होंने साफ कहा कि हिंसा या कानून तोड़ने वाले लोग CJP के समर्थक नहीं माने जाएंगे।
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग बरकरार
दीपके ने दोहराया कि जंतर-मंतर पर धरना तब तक जारी रहेगा, जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते। उन्होंने कहा कि सरकार के साथ होने वाली बैठक किसी तटस्थ स्थान पर होगी, लेकिन उनकी मांग में कोई बदलाव नहीं है।
Also Rad: ट्रम्प प्रशासन ने भारत पर लगाया 10% का कम टैरिफ, फोर्स लेबर नियमों पर मिली राहत

