लोकभवन के सामने चाचा-भतीजे ने की आत्मदाह की कोशिश, 6 साल से जमीन कब्जे को लेकर थे परेशान
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी के अति-सुरक्षित हजरतगंज क्षेत्र में शुक्रवार सुबह अचानक हड़कंप मच गया, जब लोकभवन के गेट नंबर-9 के सामने दो लोगों ने ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर खुद को आग लगाने की कोशिश की। हालांकि, वहाँ तैनात सचिवालय के सतर्क सुरक्षाकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत दोनों को पकड़ लिया और उनके पास से ज्वलनशील पदार्थ जब्त कर एक बड़ा हादसा टाल दिया।
पुश्तैनी जमीन पर अवैध कब्जे से परेशान हैं चाचा-भतीजा
प्रारंभिक जाँच में पता चला है कि आत्मदाह का प्रयास करने वाले राम गणेश और उनका भतीजा सतीश कुमार गौतम लखनऊ के दुबग्गा थाना क्षेत्र स्थित लीलाखेड़ा कटौली के निवासी हैं। पुलिस हिरासत में पीड़ितों ने आपबीती सुनाते हुए आरोप लगाया कि गाँव में स्थित उनकी पुश्तैनी जमीन पर परिवार के ही सुनील नाम के व्यक्ति ने अन्य दबंगों के साथ मिलकर अवैध कब्जा कर रखा है।
6 वर्षों से दफ्तरों के चक्कर काट रहे पीड़ित
पीड़ितों का कहना है कि वे साल 2020 से लगातार जिलाधिकारी (DM) और उप-जिलाधिकारी कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन बीते 6 सालों से गुहार लगाने के बावजूद प्रशासनिक अधिकारियों ने कोई सुनवाई नहीं की। प्रशासन की इसी अनदेखी से आहत होकर उन्होंने लोकभवन के सामने यह आत्मघाती कदम उठाया। फिलहाल पुलिस दोनों को हजरतगंज थाने ले आई है, जहाँ थाना प्रभारी का कहना है कि मामले की जाँच की जा रही है और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है।
Also Read: 1.70 लाख की रिश्वत लेते रेलवे अफसर गिरफ्तार, वाराणसी में CBI की बड़ी कार्रवाई

