1.70 लाख की रिश्वत लेते रेलवे अफसर गिरफ्तार, वाराणसी में CBI की बड़ी कार्रवाई

Varanasi News: केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में तैनात सीनियर डिविजनल मैटेरियल मैनेजर (सीनियर DMM) नितेश अग्रवाल को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। सीबीआई ने बुधवार देर रात उन्हें बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) स्थित आवास से 1.70 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा।

आरोप है कि नितेश अग्रवाल ने रेलवे में फर्नीचर सप्लाई करने वाले एक ठेकेदार से बिल पास कराने और ठेके से जुड़े काम के बदले रिश्वत मांगी थी। ठेकेदार ने इसकी शिकायत सीबीआई से की। शिकायत की जांच और सत्यापन के बाद एजेंसी ने कार्रवाई की योजना बनाई।

प्लान के तहत हुई कार्रवाई 

सीबीआई ने ठेकेदार के साथ मिलकर रिश्वत पकड़ने का पूरा प्लान तैयार किया। तय योजना के अनुसार ठेकेदार अधिकारी के आवास पहुंचा और रकम दी। जैसे ही नितेश अग्रवाल ने पैसे लिए, सीबीआई टीम ने मौके पर पहुंचकर उन्हें पकड़ लिया।

कार्रवाई के दौरान सीबीआई ने केमिकल लगे नोटों को जब्त किया और प्रक्रिया के तहत अधिकारी के हाथ भी धुलवाए गए। इसके बाद टीम उन्हें अपने साथ लखनऊ ले गई।

ऑफिस और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की जांच

गिरफ्तारी के बाद सीबीआई ने लहरतारा स्थित DRM ऑफिस पहुंचकर भी जांच की। अधिकारियों और कर्मचारियों से पूछताछ की गई और कई दस्तावेज कब्जे में लिए गए। इसके अलावा नितेश अग्रवाल के आवास, संपत्ति और बैंक खातों से जुड़े रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं।

नितेश अग्रवाल करीब दो साल से वाराणसी मंडल में तैनात हैं। इससे पहले रेलवे के अन्य अधिकारियों पर भी सीबीआई कार्रवाई कर चुकी है। इस गिरफ्तारी के बाद रेलवे दफ्तर में हड़कंप मचा हुआ है।

Also Read: जमीन कब्जे की शिकायतों पर CM योगी सख्त, भूमाफियाओं पर FIR कर जेल भेजने के दिए निर्देश 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.