हिमाचल में टाटा सूमो पर चट्टान गिरने से 13 की मौत, 2 की हालत गंभीर
Sandesh Wahak Digital Desk: हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। उदयपुर थाना क्षेत्र के तहत कढ़ूनाला-राहौली मार्ग पर अचानक पहाड़ी धंसने से एक विशालकाय चट्टान सड़क से गुजर रही टाटा सूमो (HP-01M-2210) पर जा गिरी। इस भीषण हादसे में वाहन में सवार 13 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के वक्त बीर सिंह नामक चालक समेत गाड़ी में कुल 15 लोग सवार थे।
चंबा के रहने वाले थे मृतक
घटना की सूचना मिलते ही तिंदी पुलिस चौकी, उदयपुर थाना पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत राहत व बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत सुरक्षित निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुँचाया गया है। मामले पर जानकारी देते हुए लाहौल-स्पीति की उपायुक्त किरण भड़ाना ने बताया कि यह दुर्घटना चंबा के पांगी और लाहौल-स्पीति की सीमा पर हुई है। शुरुआती जाँच के अनुसार, सभी मृतक चंबा जिले के पांगी क्षेत्र के निवासी थे। फिलहाल शवों की पहचान कर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
हिमाचल में बारिश और लैंडस्लाइड का कहर
प्रदेश में 30 जून को मॉनसून की दस्तक के बाद से ही भूस्खलन और चट्टान खिसकने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इस दर्दनाक हादसे के साथ ही राज्य में मॉनसूनी आपदाओं से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 88 हो गई है। मौसम विभाग ने 27 से 29 जुलाई के बीच राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। खतरे को देखते हुए प्रशासन ने आम जनता और पर्यटकों से खराब मौसम के दौरान संवेदनशील पहाड़ी रास्तों पर यात्रा न करने की अपील की है।
Also Read: लोकभवन के सामने चाचा-भतीजे ने की आत्मदाह की कोशिश, 6 साल से जमीन कब्जे को लेकर थे परेशान

