NEET-CBSE विवाद पर कांग्रेस का प्रदेशव्यापी आंदोलन, 25 जुलाई को यूपीभर में कैंडिल मार्च

UP Congress: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने NEET और CBSE परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं तथा छात्रों पर हुई कथित दमनात्मक कार्रवाई के विरोध में शनिवार, 25 जुलाई की शाम प्रदेश के सभी जिलों में कैंडिल मार्च और सत्याग्रह आयोजित करने का फैसला किया है। यह कार्यक्रम जिला और शहर कांग्रेस कमेटियों के नेतृत्व में होगा।

गांधी या आंबेडकर प्रतिमा तक निकलेगा मार्च

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की ओर से सभी जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों को भेजे गए परिपत्र में कहा गया है कि कैंडिल मार्च महात्मा गांधी या डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा तक निकाला जाएगा। वहीं सत्याग्रह के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।

इस दौरान कांग्रेस छात्र-युवाओं के समर्थन में एकजुटता दिखाएगी। साथ ही परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी उठाई जाएगी।

शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दिए गए निर्देश

प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के चेयरमैन डॉ. सी.पी. राय ने बताया कि कार्यक्रम में जिला, शहर और ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के अलावा पार्टी के सभी विभागों, प्रकोष्ठों और कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि सभी जिला और शहर अध्यक्षों को निर्देश दिए गए हैं कि कैंडिल मार्च और सत्याग्रह पूरी तरह शांतिपूर्ण, अनुशासित और प्रभावी तरीके से आयोजित किया जाए। कांग्रेस का कहना है कि यह प्रदर्शन छात्रों के हितों और परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग को लेकर किया जा रहा है।

Also Read: लखनऊ में धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में 7 गिरफ्तार, प्रलोभन देकर लोगों पर बना रहे थे दबाव 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.