फूलन देवी की पुण्यतिथि पर सपा का श्रद्धांजलि कार्यक्रम, अखिलेश के सामाजिक न्याय के संदेश पर जोर

Samajwadi Party: समाजवादी पार्टी ने पूर्व सांसद वीरांगना फूलन देवी की पुण्यतिथि पर शनिवार को लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय सहित उत्तर प्रदेश के कई जिलों में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने लखनऊ में फूलन देवी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान पूर्व सांसद अरविंद कुमार सिंह, पूर्व एमएलसी रामवृक्ष यादव, प्रो. बी. पांडेय और महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमा राजभर समेत कई नेताओं ने भी पुष्पांजलि दी।

अखिलेश यादव के संदेश का किया जिक्र

कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के विचारों का उल्लेख करते हुए नेताओं ने कहा कि फूलन देवी निषाद, मल्लाह, बिंद, कश्यप, बाथम और मांझी समाज की अस्मिता तथा सामाजिक न्याय की प्रतीक थीं। उन्होंने अन्याय, अत्याचार और शोषण के खिलाफ आवाज उठाई। नेताओं ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने उन्हें सांसद बनाकर अति पिछड़े और वंचित वर्ग को सम्मान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया था।

कई जिलों में आयोजित हुए विशेष कार्यक्रम

लखनऊ महानगर कार्यालय, सरोजनीनगर, गोरखपुर और मेरठ समेत कई जिलों में भी श्रद्धांजलि सभाएं आयोजित की गईं। गोरखपुर में प्रदेश अध्यक्ष पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ डॉ. राजपाल कश्यप ने कहा कि पीडीए की सरकार बनने पर सामाजिक न्याय को और मजबूती मिलेगी तथा सभी वर्गों को समान अधिकार मिलेगा।

वहीं मेरठ के दौराला में आयोजित कार्यक्रम में कश्यप समाज की 250 से अधिक मेधावी छात्राओं को साइकिल वितरित की गई, ताकि उनकी शिक्षा में सुविधा मिल सके। प्रदेशभर में आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समाज के विभिन्न वर्गों के लोग शामिल हुए और फूलन देवी को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

Also Read: धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा छात्रों की जीत, अजय राय बोले- राहुल गांधी के संघर्ष का असर 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.