648 किलो गांजा के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर STF का बड़ा एक्शन
Bundelkhand News: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 648 किलोग्राम अवैध गांजा, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1.62 करोड़ रुपये बताई गई है, बरामद किया गया। इसके साथ ही गांजा से लदा एक डीसीएम ट्रक (CG11 BT 8289) भी जब्त किया गया।
राजस्थान का रहने वाला है आरोपी
STF के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान शौकत अली, पुत्र अल्लानूर, निवासी भरतपुर (राजस्थान) के रूप में हुई है। 24 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के 57.4 किलोमीटर माइल स्टोन के पास STF ने NCB और स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई कर ट्रक को रोककर तलाशी ली। इस दौरान वाहन में छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ और चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
कई राज्यों में फैला था तस्करी का नेटवर्क
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह एक संगठित गिरोह का सदस्य है, जो ओडिशा, आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों से गांजा लाकर मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के विभिन्न स्थानों तक पहुंचाता था। उसने यह भी स्वीकार किया कि वह पिछले 20 से 25 वर्षों से इस अवैध कारोबार से जुड़ा है।
STF को इस नेटवर्क की गतिविधियों की पहले से सूचना मिल रही थी, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई NCB और स्थानीय पुलिस कर रही है।
Also Read: फूलन देवी की पुण्यतिथि पर सपा का श्रद्धांजलि कार्यक्रम, अखिलेश के सामाजिक न्याय के संदेश पर जोर

