पूर्व अग्निवीरों को बड़ा तोहफा! SSB भर्ती में 50% पद आरक्षित, बिना परीक्षा मिलेगी एंट्री

SSB GD Recruitment: पूर्व अग्निवीरों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। गृह मंत्रालय ने सशस्त्र सीमा बल (SSB) में कांस्टेबल (GD) भर्ती के लिए नए नियम लागू कर दिए हैं। 27 जुलाई 2026 को जारी SSB कांस्टेबल (जनरल ड्यूटी) भर्ती नियम-2026 के तहत अब हर भर्ती में 50 फीसदी पद पूर्व अग्निवीरों के लिए आरक्षित रहेंगे। राजपत्र में प्रकाशन के साथ ही ये नियम तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं।

नए नियमों के तहत भर्ती प्रक्रिया दो चरणों में होगी। पहले चरण में केवल पूर्व अग्निवीरों के लिए आरक्षित पदों पर चयन किया जाएगा। यदि इनमें कोई पद खाली रह जाता है, तो उसे दूसरे चरण की खुली भर्ती में शामिल कर दिया जाएगा, जहां अन्य उम्मीदवार भी आवेदन कर सकेंगे।

लिखित परीक्षा और PST-PET से मिलेगी छूट

सरकार ने पूर्व अग्निवीरों के लिए भर्ती प्रक्रिया को भी आसान बनाया है। नए नियमों के अनुसार, उन्हें लिखित परीक्षा, फिजिकल स्टैंडर्ड टेस्ट (PST) और फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट (PET) से छूट मिलेगी। हालांकि, उम्मीदवारों को निर्धारित शैक्षणिक योग्यता के साथ जरूरी शारीरिक और मेडिकल मानकों को पूरा करना होगा।

उम्र सीमा में भी विशेष राहत दी गई है। पहले बैच के पूर्व अग्निवीरों को अधिकतम आयु सीमा में 5 साल की छूट मिलेगी, जबकि अन्य पूर्व अग्निवीरों को 3 साल तक की आयु छूट दी जाएगी।

54 हजार से ज्यादा पदों पर होगी भर्ती

नए भर्ती नियमों के मुताबिक, वर्ष 2026 के लिए SSB कांस्टेबल (GD) के कुल 54,109 पद निर्धारित किए गए हैं। जरूरत के अनुसार इन पदों की संख्या में बदलाव किया जा सकता है।

चयनित उम्मीदवारों को पे मैट्रिक्स लेवल-3 के तहत 21,700 रुपये से 69,100 रुपये तक वेतन मिलेगा। साथ ही केंद्र सरकार की मौजूदा आरक्षण व्यवस्था दोनों चरणों की भर्ती प्रक्रिया में लागू रहेगी।

Also Read: HPRCA Nurse Recruitment 2026: 312 असिस्टेंट स्टाफ नर्स पदों पर भर्ती, जानें योग्यता और आवेदन प्रक्रिया

Get real time updates directly on you device, subscribe now.