Agra News: मौत के 17 घंटे बाद जीवित हुई 65 वर्षीय महिला, दामाद का हाथ पकड़कर बोली- मैं जिंदा हूं

Agra News: उत्तर प्रदेश के आगरा से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां 65 वर्षीय एक महिला, जिन्हें डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था, करीब 17 घंटे बाद वह अचानक जीवित हो गईं। अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी और रिश्तेदार अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान महिला ने अपने दामाद का हाथ पकड़ लिया और कहा, “मैं जिंदा हूं, मुझे कहां ले जा रहे हो?” यह सुनते ही घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजन तुरंत उन्हें एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उनका इलाज जारी है।

बरेली के अस्पताल में हुई थीं मृत घोषित

यह मामला आगरा के ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र के श्रीनगर कॉलोनी का है। शीला देवी के पति हरिओम माहौर का पहले ही निधन हो चुका है। वह अपने बेटे सुनील माहौर के परिवार के साथ रहती थीं। करीब 20 दिन पहले वह अपने दूसरे बेटे संजीव माहौर, जो बदायूं के एक निजी अस्पताल में कार्यरत हैं, उसके पास इलाज के लिए गई थीं।

बाद में उन्हें बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मंगलवार को उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया और बुधवार तड़के करीब 3 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अंतिम संस्कार की तैयारी के बीच जिंदा हुई महिला

शाम करीब 7 बजे एंबुलेंस से उनका शव आगरा स्थित घर लाया गया। अंतिम संस्कार की तैयारी पूरी हो चुकी थी। रात करीब 8 बजे जब दामाद अंतिम प्रणाम करने के लिए उनके पैर छूने पहुंचे, तभी शीला देवी के शरीर में हलचल हुई। उन्होंने दामाद का हाथ पकड़कर कहा, “तुम सब रो क्यों रहे हो, मैं मरी नहीं हूं। मैं जिंदा हूं “

पड़ोसी धर्मपाल ने बताया कि जैसे ही दामाद ने उनके पैर छुए, उनकी सांसें लौट आईं। इसके बाद परिजन उन्हें तुरंत आगरा के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां फिलहाल उनका इलाज चल रहा है।

Also Read: गाजीपुर से सीएम योगी का विपक्ष पर तीखा हमला, बोले- सपा-कांग्रेस ने जिले के सामने खड़ा किया था पहचान का संकट 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.