अभिजीत दीपके ने बीजेपी पर लगाया आरोप, बोले- पार्टी में शामिल होने का बनाया जा रहा दबाव

Sandesh Wahak Digital Desk: काकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उन्हें और उनके परिवार को बीजेपी में शामिल होने के लिए लगातार डराया-धमकाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी में शामिल न होने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियाँ दी जा रही हैं। दीपके ने तंज कसते हुए कहा कि वे उम्र में पीएम नरेंद्र मोदी और अमित शाह के पोते के समान हैं, फिर भी सत्ता पक्ष उनसे इतना भयभीत है कि अब धमकियों पर उतर आया है। उन्होंने कहा कि सत्ताधारी दल को देश के युवाओं, शिक्षा व्यवस्था या रोजगार से कोई सरोकार नहीं है, उसका एकमात्र मकसद किसी भी कीमत पर सत्ता में बने रहना है।

बीजेपी में सिर्फ अपराधियों और दुष्कर्मियों का स्वागत

बीजेपी की कार्यशैली पर निशाना साधते हुए दीपके ने आरोप लगाया कि पार्टी में अपराधियों और बलात्कारियों को संरक्षण दिया जाता है। उन्होंने पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर का उदाहरण देते हुए सवाल उठाया और कहा कि ऐसे नेताओं को बढ़ावा देने वाले लोग देश की शिक्षा व्यवस्था तय कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब जेल से छूटने पर बलात्कारियों का स्वागत किया जाता है और जिम्मेदार पद पर बैठे लोग इसका समर्थन करते हैं, तो यह बेहद शर्मनाक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि युवाओं के भविष्य, शिक्षा और रोजगार जैसे मुद्दों पर अब पूरे देश को एकजुट होने की जरूरत है और उनका संगठन (CJP) उन सभी के साथ खड़ा है जो इन जनहित के मुद्दों के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

अमित शाह से मांगा इस्तीफा

राहुल गांधी के बयान का समर्थन करते हुए दीपके ने बिहार और दिल्ली की घटनाओं का जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि जो पेलेट गन आतंकियों से निपटने के लिए होती हैं, उनका इस्तेमाल अपने हक की मांग कर रहे छात्रों पर किया जा रहा है, जिससे कई युवाओं की आंखों की रोशनी चली गई है। दिल्ली पुलिस का नियंत्रण केंद्रीय गृह मंत्रालय के पास होने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि बिना गृहमंत्री अमित शाह की जानकारी के छात्रों पर पेलेट गन का प्रयोग संभव ही नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि इतनी बड़ी घटना बिना गृहमंत्री की जानकारी के हुई है, तो उनकी कार्यकुशलता पर सवाल उठता है और उन्हें तुरंत अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

Also Read: राज्यसभा में मनुस्मृति पर खरगे के बयान से हंगामा, जेपी नड्डा और सुधांशु त्रिवेदी ने जताई आपत्ति

Get real time updates directly on you device, subscribe now.