Bareilly News: बारिश और रामगंगा नदी में डूबने से दो की मौत, धर्मपाल सिंह ने पीड़ित परिवारों को सौंपे 4-4 लाख के चेक

Bareilly News: जनपद बरेली की आंवला तहसील क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के चलते दो अलग-अलग हादसों में दो लोगों की जान चली गई। हादसों की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और रेस्क्यू टीमों ने मुस्तैदी दिखाते हुए शवों को बरामद किया। इसके बाद आपदा राहत के तहत उत्तर प्रदेश सरकार के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने पीड़ित परिवारों को चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि के चेक सौंपे।

पहला दर्दनाक हादसा नगर पालिका आंवला के मोहल्ला खेड़ा में सामने आया, जहाँ बारिश के दौरान नहाते समय संतुलन बिगड़ने से प्रीत (06 वर्ष) पुत्र नंदराम नाले में जा गिरा। मासूम के शारीरिक रूप से दिव्यांग होने के कारण वह खुद को संभाल नहीं सका और बह गया। घटना के बाद जिला प्रशासन ने नगर पालिका, पुलिस, फायर ब्रिगेड, एसडीआरएफ (SDRF) और फ्लड पीएसी की टीमों को मौके पर लगाया। लगभग 44 घंटे तक चले लंबे और कठिन रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद मासूम के शव को बाहर निकाला जा सका।

वहीं दूसरा हादसा थाना अलीगंज क्षेत्र के ग्राम महोबा माजरा कैनी शिवनगर का है, जहाँ रामगंगा नदी में नहाने गया अजय (22 वर्ष) पुत्र मनोहरलाल गहरे पानी में समा गया। घटना की खबर मिलते ही तहसील प्रशासन ने अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) की देखरेख में तुरंत राहत कार्य शुरू कराया। एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की मदद से महज 4 घंटे के भीतर युवक का शव नदी से खोज निकाला गया।

धर्मपाल सिंह ने पीड़ित परिवारों को सौंपे 4-4 लाख के चेक

दैवीय आपदा के तहत पीड़ित परिवारों को मिली मदद

दोनों दुखद घटनाएँ दैवीय आपदा के अंतर्गत आने के कारण राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रति प्रभावित परिवार 4,00,00, रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की। कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने तहसील आंवला प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और अहैतुक आर्थिक सहायता के प्रतीकात्मक चेक प्रदान किए।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: स्पेन में मोरक्को सीमा से हजारों प्रवासियों की घुसपैठ, 18 की मौत, सेना ने संभाला मोर्चा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.