लखनऊ में दो शातिर चोर गिरफ्तार, आशियाना पुलिस ने चोरी का सामान किया बरामद
Lucknow News: लखनऊ के आशियाना थाना पुलिस ने दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहिल उर्फ लंगड़ा (44) और मो. इस्माइल उर्फ टिल्लू (42) के रूप में हुई है। दोनों कांशीराम कॉलोनी, सालेहनगर के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी के जेवर और बिजली के तार बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, पहला मामला 13 जुलाई 2026 का है। सेक्टर डी-1 एलडीए कॉलोनी, कानपुर रोड निवासी किरण श्रीवास्तव ने निर्माणाधीन मकान से बिजली के तार चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। वहीं 17 जुलाई 2026 को शारदानगर निवासी मंगल प्रसाद शर्मा ने घर का ताला तोड़कर चोरी होने की सूचना दी थी। दोनों मामलों में आशियाना थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
मुखबिर की सूचना पर दबोचे गए आरोपी
घटनाओं के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर देवीखेड़ा से इको गार्डेन जाने वाली सड़क पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक जोड़ी पाजेब, एक जोड़ी पायल, पांच पायल, एक ब्रेसलेट, एक कमरबंद, एक सफेद धातु की चेन, एक पीली धातु की अंगूठी और चोरी किए गए बिजली के तार बरामद हुए।
एक आरोपी पर पहले से कई मुकदमे दर्ज
पूछताछ में बरामदगी के आधार पर दोनों मामलों में बीएनएस की धारा 317(2) भी जोड़ी गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी राहिल उर्फ लंगड़ा के खिलाफ लखनऊ और गोरखपुर के विभिन्न थानों में चोरी समेत कई आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। वहीं दूसरे आरोपी मो. इस्माइल उर्फ टिल्लू का आपराधिक रिकॉर्ड अन्य थानों से खंगाला जा रहा है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।
Also Read: Lucknow News: कंगना रनौत के कथित बयान पर महिला कांग्रेस का विरोध, एफआईआर दर्ज करने की मांग

