Lucknow News: अजंता हॉस्पिटल ने स्कूल में लगाया स्वास्थ्य जागरूकता शिविर, अभिभावकों को बच्चों के समग्र विकास के दिए अहम सुझाव
Lucknow News: अजंता हॉस्पिटल एंड आईवीएफ सेंटर, आलमबाग ने ‘आवर लिटिल एंजेल्स होम स्कूल’ में बाल रोग (पीडियाट्रिक्स) एवं स्त्री एवं प्रसूति रोग (गायनेकोलॉजी) विभाग के संयुक्त तत्वावधान में स्वास्थ्य जागरूकता एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया।
शिविर का उद्देश्य अभिभावकों को बच्चों के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और भावनात्मक विकास के प्रति जागरूक करना तथा उनकी स्वास्थ्य संबंधी जिज्ञासाओं का समाधान करना था।
कार्यक्रम में 40 से अधिक अभिभावकों ने भाग लिया और विशेषज्ञ चिकित्सकों से बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, व्यवहार, पढ़ाई और समग्र विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की।
विशेषज्ञों ने अभिभावकों को बच्चों के संतुलित और पौष्टिक आहार, मोबाइल स्क्रीन टाइम कम करने, पर्याप्त नींद लेने, नियमित आउटडोर खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों में भागीदारी के महत्व के बारे में बताया।
साथ ही बच्चों में अच्छे संस्कार, अनुशासन, आत्मनिर्भरता, सकारात्मक सोच और सामाजिक व्यवहार विकसित करने के प्रभावी उपाय भी साझा किए।

शिविर के दौरान टीकाकरण, बार-बार होने वाली बीमारियां, भोजन न करने की आदत, मोबाइल की लत, पढ़ाई में ध्यान न लगना, दंत स्वास्थ्य और किशोरावस्था से जुड़े सवालों के वैज्ञानिक आधार पर उत्तर दिए गए।
बच्चों ने फ्रेंडशिप बैंड बांधकर किया स्वागत
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण विद्यालय के बच्चों द्वारा चिकित्सकों का फ्रेंडशिप बैंड बांधकर स्वागत करना रहा। इस अवसर पर बच्चों के शारीरिक, मानसिक, दंत और सामाजिक स्वास्थ्य पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
अजंता हॉस्पिटल की मेडिकल डायरेक्टर डॉ. गीता खन्ना ने कहा कि स्वस्थ और संस्कारित बच्चे ही मजबूत समाज की नींव होते हैं।
उन्होंने कहा कि अस्पताल भविष्य में भी इस तरह के जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा।
इस अवसर पर डॉ. गीतांजलि श्रीवास्तव, डॉ. पारुल, के. एस. एबॉट, संदीप, विक्रम खन्ना, नर्सिंग टीम तथा विद्यालय की निदेशक सुमन उपाध्याय और शिक्षकगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में अभिभावकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे बच्चों के समग्र विकास और बेहतर अभिभावक बनने की दिशा में उपयोगी बताया।

