Shamli News: एक लाख का इनामी फुरकान पुलिस मुठभेड़ में ढेर, 30 से अधिक संगीन मुकदमे थे दर्ज

Shamli News: उत्तर प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ जारी ताबड़तोड़ कार्रवाई के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। बुधवार दोपहर शामली जिले के झिंझाना थाना क्षेत्र में रंगाना फार्म के पास हुई भीषण मुठभेड़ में पुलिस ने 1 लाख रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी फुरकान को मार गिराया। फुरकान का नाम शामली और कैराना क्षेत्र में खौफ और आतंक का दूसरा नाम बन चुका था, विशेष रूप से ‘कैराना पलायन’ प्रकरण में उसे मुख्य सूत्रधार माना जाता था।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त पर थी, तभी रंगाना फार्म के पास बदमाशों की मौजूदगी की सटीक सूचना मिली। पुलिस टीम ने जब इलाके की घेराबंदी की, तो बदमाशों ने बचने के लिए सीधे पुलिस बल पर ताबड़तोड़ फायरिंग झोंक दी। पुलिस द्वारा की गई आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश को गोली लगी, जिसे इलाज के लिए ले जाया गया जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में शिनाख्त करने पर मृत बदमाश की पहचान 1 लाख के इनामी फुरकान के रूप में हुई।

एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि कुख्यात फुरकान का आपराधिक इतिहास बेहद लंबा और खौफनाक रहा है। उसके खिलाफ हत्या, लूट, डकैती, रंगदारी और रंगदारी न देने पर जानलेवा हमले के लगभग 30 से अधिक मुकदमे दर्ज थे। करीब 20 साल पहले कैराना में व्यापारी रोहतास की हत्या के बाद वह पहली बार सुर्खियों में आया था। इसके बाद वर्ष 2014 में उसने रंगदारी न देने पर दिनदहाड़े व्यापारी विनोद की निर्मम हत्या कर दी थी, जिसके बाद कैराना से व्यापारियों के पलायन का मुद्दा राष्ट्रीय स्तर पर गरमा गया था।

एक समय पश्चिम यूपी में मुकीम काला और फुरकान गैंग का संयुक्त आतंक था। मुकीम काला गैंग के खात्मे के बाद भी फुरकान लगातार आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय था। वह महज 4-5 महीने पहले ही जेल से जमानत पर बाहर आया था और बाहर आते ही कैराना व कांधला क्षेत्र में फिर से लूट व हत्या के प्रयासों में वांछित चल रहा था। यही नहीं, वह विनोद हत्याकांड की पैरवी कर रहे परिजनों को भी डरा-धमका रहा था, जिससे वे खौफ के साए में थे। फुरकान के मारे जाने से कैराना के व्यापारी वर्ग और आम जनता ने राहत की सांस ली है।

Also Read: Bareilly News: आंवला परामर्श केंद्र ने 7 परिवारों को टूटने से बचाया, साथ रहने को हुए राजी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.