Bareilly News: आंवला परामर्श केंद्र ने 7 परिवारों को टूटने से बचाया, साथ रहने को हुए राजी
Bareilly News: उत्तर प्रदेश शासन द्वारा चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति 6.0’ अभियान के तहत पुलिस पारिवारिक परामर्श एवं मध्यस्थता केंद्र, कोतवाली आंवला ने एक बार फिर अपनी सार्थकता सिद्ध की है। बुधवार (05 अगस्त 2026) को परामर्श केंद्र के विद्वान सलाहकारों ने अपनी सूझबूझ और प्रभावी काउंसलिंग के जरिए पारिवारिक विवादों से जूझ रहे 7 विघटित जोड़ों (दंपत्तियों) को फिर से एक साथ रहने के लिए राजी कर लिया।
काउंसलिंग के बाद वर्षों पुराने मतभेदों और आपसी गिले-शिकवों को भुलाकर सभी सातों जोड़े चेहरे पर मुस्कान के साथ अपने घर लौट गए। पुलिस पारिवारिक परामर्श एवं मध्यस्थता केंद्र के अध्यक्ष जय गोविंद सिंह ने बताया कि केंद्र का मुख्य उद्देश्य बिखरते परिवारों को बचाना है और अब तक कुल 175 परिवारों का सफल पुनर्मिलन कराया जा चुका है। परामर्श केंद्र की टीम का लक्ष्य जल्द ही 200 (द्विशतकीय) परिवारों को जोड़ने के आंकड़े को पार करना है।

इन दंपत्तियों के सुलझे आपसी विवाद
अध्यक्ष जय गोविंद सिंह ने जानकारी दी कि आज जिन सातों मामलों में समझौता कराया गया, उनमें चांदनी पत्नी अजय (निवासी रामनगर, थाना आंवला), काजल पत्नी अमन चौहान (निवासी मु.गंज, थाना आंवला), तबस्सुम पत्नी (निवासी मंजनूपुर, थाना भमोरा), राधा पत्नी कुंवरपाल (निवासी बेलबुझिया, थाना सिरौली), रेनू पत्नी अनुज कुमार (निवासी रामपुर कांकर, थाना भमोरा), हिना पत्नी वाहिद खान (निवासी जगतीरा, थाना आंवला) और रूबी शर्मा पत्नी केशव शर्मा (निवासी रमनगगला, थाना आंवला) शामिल हैं।
इन सभी जोड़ों के आपसी मतभेदों को काउंसलिंग के जरिए दूर कराया गया। वहीं, 04 ऐसे विवादित मामले जिनमें समझौता संभव नहीं हो पा रहा था, उन्हें अग्रिम विधिक कार्रवाई हेतु संबंधित विभाग को प्रेषित कर दिया गया। पारिवारिक रिश्तों को संवारने की इस मुहिम में परामर्श केंद्र की टीम के सदस्य रमाकांत तिवारी (एडवोकेट), रामदीन सागर, योगेश माहेश्वरी, रजिया सुल्तान, शोखी अग्रवाल, सीमा रजा, शोभना अग्रवाल तथा महिला उप-निरीक्षक अंजू कुमारी का विशेष और सराहनीय योगदान रहा।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: भारत दौरे से पहले ऑस्ट्रेलिया का नया दांव, BGT से पहले नहीं खेलेगी प्रैक्टिस मैच

