भदोही से 50 हजार का इनामी पशु तस्कर गिरफ्तार, STF ने लंबे समय बाद दबोचा

UP News: उत्तर प्रदेश एसटीएफ को बुधवार को बड़ी सफलता मिली। चंदौली जिले के शहाबगंज थाने में दर्ज गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के मामले में 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी कौसर फारूकी को भदोही से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी काफी समय से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।

भदोही में दबिश देकर की गिरफ्तारी

एसटीएफ के अनुसार, कौसर फारूकी पुत्र धुरखन फारूकी, चंदौली के सैयदराजा थाना क्षेत्र के अब्दुल कलाम नगर का रहने वाला है। उसे बुधवार दोपहर करीब 2:05 बजे भदोही जिले के कोतवाली क्षेत्र स्थित दारोपुर गांव में सद्दाम दरी के कारखाने के पास से गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह के निर्देशन और निरीक्षक अमित श्रीवास्तव की टीम ने की।

पूछताछ में खुला अंतरराज्यीय तस्करी का नेटवर्क

एसटीएफ की पूछताछ में सामने आया कि कौसर फारूकी अपने गिरोह के साथ उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और आसपास के राज्यों से गोवंश पशुओं की चोरी और तस्करी करता था। इसके बाद पशुओं को बिहार ले जाकर ऊंचे दामों पर बेच दिया जाता था। इस काम के लिए उसने विशेष वाहन भी खरीदा था और अंतरराज्यीय तस्करों का नेटवर्क तैयार कर रखा था।

2025 से था फरार, आगे की कार्रवाई जारी

एसटीएफ ने बताया कि 7 अक्टूबर 2025 को शहाबगंज पुलिस ने उसके एक साथी को गोवंश पशुओं और वाहन के साथ गिरफ्तार किया था। उसी समय से कौसर फारूकी फरार चल रहा था। आरोपी के खिलाफ मुकदमा संख्या 118/2025 में बीएनएस की धारा 325, 111(3), गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5ए/5बी/8 तथा पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11 के तहत कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी को स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Also read: जनेश्वर मिश्र जयंती पर अखिलेश यादव ने दी श्रद्धांजलि, लखनऊ समेत पूरे यूपी में सपा का आयोजन 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.