पटना में सड़क हादसे के बाद भारी उपद्रव, भीड़ ने बस और पुलिस की 3 गाड़ियां फूंकीं
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार की राजधानी पटना के अगमकुआं थाना क्षेत्र स्थित बड़ी पहाड़ी इलाके में एक तेज रफ्तार अनियंत्रित बस ने पैदल जा रहे युवक को रौंद दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और देखते ही देखते मौके पर भारी हंगामा शुरू हो गया।
पुलिस चेक पोस्ट में भी तोड़फोड़
हादसे से भड़की भीड़ ने अपना आपा खो दिया और दुर्घटना करने वाली बस को आग के हवाले कर दिया। इतना ही नहीं, पुलिस चेक पोस्ट और कई मोटरसाइकिलों में तोड़फोड़ करते हुए आगजनी की गई। जब स्थिति पर काबू पाने के लिए पुलिस बल पहुंचा, तो उपद्रवियों ने पुलिस की तीन जीपों को भी फूंक दिया और दमकल की गाड़ियों को आग बुझाने से रोकने की कोशिश की।
बिहार : पटना में रोड एक्सीडेंट में एक युवक की मौत पर बवाल। भीड़ ने पुलिस की 2 जीप सहित करीब 10 गाड़ियों में आग लगाई। ट्रैफिक पोस्ट फूंक डाली। स्लीपर बस को आग के हवाले कर दिया। जिस बस से हादसा हुआ, वो भी जला दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा, सड़क से भीड़ हटाई। pic.twitter.com/dH0w0O90Fa
— Sachin Gupta (@Sachingupta) August 7, 2026
कवरेज कर रहे पत्रकारों और पुलिस टीम पर पथराव
हिंसा और उपद्रव का वीडियो बना रहे मीडियाकर्मियों और कई थानों की पुलिस टीम पर भीड़ ने जमकर पथराव किया। इस भीषण बवाल और सड़क जाम के कारण एनएच पर लगभग 10 किलोमीटर लंबा महाजाम लग गया, जिसमें स्कूली बसें और आम यात्री घंटों फंसे रहे, जिससे राहगीरों को भारी फजीहत झेलनी पड़ी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कई थानों की पुलिस और अतिरिक्त सुरक्षा बल को मौके पर तैनात किया गया है। फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है। गौरतलब है कि पटना के घनी आबादी वाले अर्ध-शहरी हाईवे इलाकों में तेज रफ्तार के कारण आए दिन ऐसे जानलेवा हादसे और हिंसा की घटनाएं सामने आ रही हैं।
Also Read: रांची छात्र आंदोलन में हंगामा, AISA अध्यक्ष नेहा बोरा पर फेंकी गई स्याही, युवक हिरासत में

