ऋषभ पंत ने आधी रात CM धामी से मांगी मदद, उत्तराखंड में घर बनाने के लिए 3 साल से तलाश रहे जमीन

Sports News: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत ने उत्तराखंड में अपना घर बनाने की इच्छा जताते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मदद मांगी है।

पंत ने 8 अगस्त की देर रात करीब 12:45 बजे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर सीएम धामी को टैग करते हुए दो पोस्ट किए, जो अब चर्चा में हैं।

ऋषभ पंत ने अपने पोस्ट में बताया कि वह दिल्ली से अपना बेस उत्तराखंड शिफ्ट करना चाहते हैं। इसके लिए वह पिछले करीब तीन साल से जमीन की तलाश कर रहे हैं, लेकिन उन्हें अब तक बड़ी और स्पष्ट टाइटल वाली जमीन नहीं मिल सकी है।

पंत ने सीएम धामी से जमीन खरीदने की प्रक्रिया में मदद करने की अपील करते हुए कहा कि वह अपने पहाड़ी लोगों के बीच वापस लौटना चाहते हैं और राज्य के विकास में योगदान देना चाहते हैं।

मुफ्त जमीन नहीं, सरकारी दर पर खरीदने की बात

पंत ने अपने पोस्ट में यह भी स्पष्ट किया कि वह सरकार से मुफ्त जमीन या किसी तरह का तोहफा नहीं मांग रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अगर अनुमति मिलती है तो वह सरकारी प्रक्रिया के तहत और सरकारी दरों पर जमीन खरीदना चाहते हैं, ताकि उत्तराखंड में अपना पहला घर बना सकें।

Rishabh Pant

उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें जमीन खरीदने की प्रक्रिया की पूरी जानकारी नहीं है, इसलिए वह मुख्यमंत्री से मार्गदर्शन और सहयोग चाहते हैं।

उत्तराखंड के बड़े टैक्सपेयर्स में शामिल पंत

ऋषभ पंत हाल ही में उत्तराखंड में सबसे ज्यादा व्यक्तिगत टैक्स देने वाले लोगों में शीर्ष पर रहे हैं।

वित्त वर्ष 2025-26 में उन्होंने करीब 23.84 करोड़ रुपये का टैक्स जमा किया। इससे पिछले वित्त वर्ष में भी पंत ने करीब 10.5 करोड़ रुपये टैक्स के तौर पर चुकाए थे।

फिलहाल पंत श्रीलंका के खिलाफ 15 अगस्त से शुरू होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज की तैयारी में जुटे हैं।

इसी बीच उनका उत्तराखंड में बसने और जमीन खरीदने को लेकर किया गया पोस्ट सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर रहा है।

Also Read: बुमराह से हार्दिक तक, चोटों से जूझ रही टीम इंडिया, CoE में 13 खिलाड़ियों का चल रहा इलाज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.