हनी ट्रैप में फंसा एयरफोर्स का विंग कमांडर, फिर पाकिस्तानी हैंडलर्स तक पहुंचाई गुप्त फाइलें

Sandesh Wahak Desk: दिल्ली पुलिस ने करीब दो महीने पहले भारतीय वायुसेना के एक विंग कमांडर को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी संवेदनशील जानकारी साझा करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। मामले में अधिकारी के खिलाफ ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। वह फिलहाल न्यायिक हिरासत में है। पुलिस को शक है कि यह मामला सिर्फ एक व्यक्ति तक सीमित नहीं हो सकता और जासूसी नेटवर्क में कई अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं।

जानकारी के मुताबिक, अधिकारी अपनी निजी जिंदगी के मुश्किल दौर से गुजर रहा था। इसी दौरान सोशल मीडिया पर उसकी एक महिला से बातचीत शुरू हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच भरोसा बढ़ा। आरोप है कि महिला ने इसी भरोसे का फायदा उठाकर उससे रक्षा से जुड़ी संवेदनशील जानकारी हासिल की।

महिला के जरिए पाकिस्तानी हैंडलर्स तक पहुंची जानकारी

जांच में सामने आया है कि महिला अपने साथी विंग कमांडर के साथ रक्षा इकाइयों में भी आती-जाती थी। भारतीय वायुसेना ने मामले की जानकारी दिल्ली पुलिस को दी थी। इसके बाद 31 मई की रात अधिकारी को गिरफ्तार किया गया। पहले उसे पुलिस कस्टडी में रखा गया और बाद में तिहाड़ जेल भेज दिया गया।

मोबाइल में ऐप इंस्टॉल कराने का भी आरोप

आरोप है कि विंग कमांडर ने महिला के जरिए पाकिस्तानी हैंडलर्स को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी गोपनीय जानकारी और दस्तावेज भेजे। जांच एजेंसियां अब यह पता लगा रही हैं कि कौन-कौन से दस्तावेज साझा किए गए।

जांच में यह भी सामने आया है कि महिला ने अधिकारी के मोबाइल में एक ऐप इंस्टॉल कराया था। आरोप है कि इसके जरिए वीडियो, फोटो और दस्तावेज पाकिस्तानी हैंडलर्स तक भेजे गए। गिरफ्तारी के बाद वायुसेना ने अधिकारी को कड़ी निगरानी में रखा और अब उसे संबंधित जांच एजेंसियों को सौंप दिया गया है।

Also Read: सलमान खान ने ‘पुष्पा’ मेकर्स से मिलाया हाथ, राज एंड डीके के साथ बनाएंगे बड़ी फिल्म 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.