Lucknow News: 50 हजार का इनामी शराब तस्कर अजय जैन हरियाणा से गिरफ्तार: UP STF ने सोनीपत में दबोचा

Lucknow News: उत्तर प्रदेश एसटीएफ (STF) की प्रयागराज फील्ड इकाई ने अंतरराज्यीय शराब तस्करी गिरोह के सक्रिय सदस्य और 50,000 रुपये के इनामी अभियुक्त अजय जैन को गिरफ्तार कर लिया है। एसटीएफ ने यह कार्रवाई हरियाणा के सोनीपत जिले से की। अजय जैन प्रयागराज के थाना नवाबगंज में दर्ज धोखाधड़ी और आबकारी अधिनियम के तहत गंभीर धाराओं के मुकदमे में लंबे समय से वांछित चल रहा था।

एसटीएफ की टीम को सूचना मिली थी कि गिरफ्तारी से बचने के लिए अजय जैन सोनीपत में छिपकर रह रहा है। पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण और निरीक्षक जय प्रकाश राय के नेतृत्व में गठित टीम ने एनएच-44 चंडीगढ़-दिल्ली हाईवे, इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 (थाना एचएसआईडीसी बड़ी गन्नौर, सोनीपत) से 07 अगस्त 2026 की शाम को उसे गिरफ्तार किया। अभियुक्त के पास से एक मोबाइल फोन और 2,060 रुपये की नकदी बरामद हुई है।

पूछताछ में अजय जैन ने खुलासा किया कि वह अपने पार्टनर नवदीप सिंह उर्फ नवी ग्रेवाल और अन्य साथियों के साथ मिलकर पिछले कई वर्षों से अंतरराज्यीय शराब तस्करी का अवैध धंधा चला रहा था। यह गिरोह चंडीगढ़ और पंजाब से अवैध शराब को ट्रकों में लोड करता था। पुलिस से बचने के लिए वे शराब की पेटियों को सड़े अंडे, मुर्गी का दाना, प्लास्टिक स्क्रैप, पास्ता और आलू जैसी वस्तुओं के पीछे छिपाकर उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, गुजरात और उत्तराखंड भेजते थे।

साल 2023 में इस गिरोह द्वारा सड़े अंडों की आड़ में भेजी जा रही शराब से भरे ट्रक को यूपी एसटीएफ ने प्रयागराज में पकड़ा था। उस दौरान ट्रक चालक को जेल भेजा गया था, जबकि अजय जैन लगातार फरार चल रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए उस पर ₹50,000 का इनाम घोषित किया गया था। अभियुक्त का पंजाब में भी आपराधिक इतिहास रहा है, जहां उसके खिलाफ श्री मुक्तसर साहिब जिले के कोटभाई थाने में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज है।

Also Read: IIT दिल्ली दीक्षांत में छात्रों से बोले PM मोदी, कहा- जो सीखते हैं वही जीतते हैं

Get real time updates directly on you device, subscribe now.