SGPGI में स्तनपान पर जागरूकता कार्यक्रम, 48 पोस्टरों से समझाया शिशु पोषण का महत्व

Lucknow SGPGI: लखनऊ के संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (SGPGI) में 8 अगस्त को विश्व स्तनपान सप्ताह के समापन पर स्तनपान जागरूकता के लिए CME कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका आयोजन मातृ एवं प्रजनन स्वास्थ्य (MRH) और नियोनेटोलॉजी विभाग ने किया। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. देवेंद्र गुप्ता, चिकित्सा अधीक्षक प्रो. राजेश हर्षवर्धन और एराज लखनऊ मेडिकल कॉलेज की गेस्ट ऑफ ऑनर प्रो. उमा गुप्ता मौजूद रहीं।

संस्थान के निदेशक प्रो. आरके धीमन ने कहा कि मां का दूध शिशु के लिए सबसे अच्छा पोषण है। यह बच्चे की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के साथ उसके स्वस्थ विकास की मजबूत नींव तैयार करता है।

SGPGI में स्तनपान पर जागरूकता कार्यक्रम, 48 पोस्टरों से समझाया शिशु पोषण का महत्व
SGPGI में स्तनपान पर जागरूकता कार्यक्रम, 48 पोस्टरों से समझाया शिशु पोषण का महत्व

नाटक और इंटरैक्टिव सत्र से दी जानकारी

कार्यक्रम में नर्सिंग छात्रों और नर्सिंग अधिकारियों ने 48 ज्ञानवर्धक पोस्टरों की प्रदर्शनी लगाई। इनमें स्तनपान, शिशु पोषण और नवजात देखभाल से जुड़ी जरूरी जानकारी दी गई। छात्रों ने जागरूकता नाटक के जरिए जन्म के तुरंत बाद स्तनपान शुरू करने और इसे जारी रखने का संदेश दिया।

MRH और नियोनेटोलॉजी के सीनियर रेजिडेंट्स ने गर्भावस्था, सिजेरियन डिलीवरी के बाद स्तनपान, जन्म के तुरंत बाद फीडिंग, नवजात के फीडिंग रिफ्लेक्स और स्तनपान की सामान्य दिक्कतों पर इंटरैक्टिव सत्र किए।

रैपिड-फायर से दोहराए जरूरी संदेश

कार्यक्रम में स्तनपान से जुड़े सवालों पर ‘रैपिड-फायर’ सत्र भी हुआ। इसमें फैकल्टी, रेजिडेंट डॉक्टर, नर्सिंग अधिकारी, छात्र और अस्पताल आने वाली माताओं ने हिस्सा लिया। आयोजन का समन्वय डॉ. नीता सिंह, डॉ. मोनाली, डॉ. आकांक्षा वर्मा और डॉ. श्वेताभ ने किया। SGPGI ने माताओं को स्तनपान के लिए जरूरी सहयोग और मार्गदर्शन देने की प्रतिबद्धता दोहराई।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.