Lucknow News: 25 हजार लेते पोस्ट ऑफिस कर्मचारी गिरफ्तार, लोन सब्सिडी के लिए मांगे थे 35 हजार
Lucknow News: लखनऊ में CBI ने रिश्वतखोरी के आरोप में उन्नाव के बीघापुर पोस्ट ऑफिस में तैनात ऑफिस असिस्टेंट कमल को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) के तहत मिले 10 लाख रुपये के लोन की सब्सिडी के लिए यूनिट वेरिफिकेशन करने के नाम पर 35 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।
CBI के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने बेकरी खोलने और चलाने के लिए उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक, भगवान नगर से PMEGP के तहत 10 लाख रुपये का लोन लिया था। इस लोन पर मिलने वाली 3 लाख 49 हजार 500 रुपये की सब्सिडी उसके बैंक खाते में पहले ही क्रेडिट हो चुकी थी।
शिकायत के बाद CBI ने बिछाया जाल
रिश्वत मांगने की शिकायत मिलने पर CBI ने 7 अगस्त 2026 को केस दर्ज किया। इसके बाद जांच शुरू की गई। आरोप है कि ऑफिस असिस्टेंट ने शिकायतकर्ता से रिश्वत लेने पर सहमति जताई थी।
CBI ने 8 अगस्त को ट्रैप कार्रवाई की। टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को शिकायतकर्ता से 25 हजार रुपये लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार से संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।
अदालत में पेश किया जाएगा आरोपी
CBI ने कमल को गिरफ्तार कर लिया है। जांच एजेंसी के अनुसार, आरोपी को अब लखनऊ की सक्षम अदालत में पेश किया जाएगा। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। CBI यह भी जांच कर रही है कि रिश्वत की मांग और यूनिट वेरिफिकेशन से जुड़े मामले में आरोपी की भूमिका क्या थी।
Also Read: भारत-बांग्लादेश सीमा से यूपी तक नकली नोटों का नेटवर्क, ATS ने पकड़े 2 आरोपी

