Canada में जंगल की आग का कहर, 20 हजार से ज्यादा लोगों को रातोंरात घर छोड़ने का आदेश
Canada Wildfire: पश्चिमी कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में जंगल की भीषण आग ने हालात बिगाड़ दिए हैं। आग इतनी तेजी से फैल रही है कि ओकानागन झील के किनारे बसे इलाकों में रहने वाले 20 हजार से ज्यादा लोगों को रातोंरात घर खाली करने का आदेश दिया गया।
आग रास्ते में आने वाले घरों को अपनी चपेट में ले रही है। प्रशासन ने समरलैंड में रहने वाले करीब 12 हजार लोगों और पास के पीचलैंड व आसपास के इलाकों में रहने वाले लगभग 8 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए हैं। हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक यह जानकारी नहीं दी है कि आग से कितने घर नष्ट हुए हैं।
बाल्ड रेंज में जंगल की आग लगने की जानकारी शुक्रवार शाम को सामने आई थी। इसके बाद कुछ ही घंटों में आग करीब 50 वर्ग किलोमीटर इलाके में फैल गई। आग ने फॉल्डर की छोटी बस्ती को भी अपनी चपेट में ले लिया और देखते ही देखते करीब 15 किलोमीटर दूर स्थित समरलैंड तक पहुंच गई।
ओकानागन-सिमिलकामीन रीजनल डिस्ट्रिक्ट के इमरजेंसी अधिकारी एरिक थॉम्पसन ने इसे इलाके में देखी गई सबसे तेजी से फैलने वाली जंगल की आग (Wildfire) में से एक बताया। हालात इतने गंभीर हो गए कि उन्हें खुद इमरजेंसी ऑपरेशन्स सेंटर छोड़कर अपने परिवार को सुरक्षित स्थान पर ले जाना पड़ा।
सड़कें जाम, लोग घर छोड़कर भागने को मजबूर
एरिक थॉम्पसन ने शनिवार सुबह अपनी कार से वीडियो पोस्ट कर बताया कि उन्हें अपने परिवार को लेकर इलाके से बाहर निकलना पड़ा। वीडियो में सड़क पर भारी ट्रैफिक भी दिखाई दे रहा था, क्योंकि बड़ी संख्या में लोग सुरक्षित जगहों की ओर निकल रहे थे।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कई घरों के आसपास आग की लपटें दिखाई दीं। कुछ जगहों पर लोग सड़क के रास्ते इलाके से बाहर निकलते नजर आए, जबकि सड़क के दोनों ओर आग तेजी से फैलती दिखी।
‘डरावना है, आग बहुत तेजी से फैल रही है’
समरलैंड में रहने वाली केरी गोल्ड और उनके पति माइक एल्शिंगा ने भी रात में अपना घर छोड़ने का फैसला किया। दोनों ने पास की पहाड़ियों की ओर से आग की लपटों को तेजी से आगे बढ़ते देखा था।
केरी गोल्ड ने बताया कि स्थिति बेहद डरावनी थी और आग बहुत तेजी से फैल रही थी। उनके पति माइक एल्शिंगा ने कहा कि इंसान अपने घर को बचाने के लिए वहीं रहना चाहता है, लेकिन आग की चपेट में आने का खतरा भी बना रहता है।
दोनों पति-पत्नी हाल ही में वैंकूवर से इस इलाके में रहने आए थे। जंगल की आग के तेजी से फैलने के बाद अब हजारों लोगों को अपना घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर जाना पड़ा है।

