Thailand: स्कूल में 9वीं के छात्र ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, दादा-दादी समेत 8 की मौत, बाद में की आत्महत्या
Thailand School Shooting: थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के पास स्थित एक स्कूल में शुक्रवार को हुई गोलीबारी ने पूरे देश को झकझोर दिया। 14 वर्षीय एक छात्र ने पहले अपने दादा-दादी की हत्या की और फिर स्कूल पहुंचकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी।
इस हमले में तीन शिक्षकों और तीन छात्रों समेत कुल 8 लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद छात्र ने खुद को भी गोली मार ली, जिसकी अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। वहीं, 15 अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, घटना डेबसिरिन नोंथाबुरी स्कूल (Debsirin Nonthaburi School) की है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि छात्र ने फायरिंग के लिए अपने दादा की 9 एमएम पिस्टल का इस्तेमाल किया। बाद में उसके घर से दादा-दादी के शव भी बरामद किए गए।

हमले के पीछे किन वजहों की जांच?
पुलिस और प्रशासन कई पहलुओं से मामले की जांच कर रहे हैं। शुरुआती जांच में तीन संभावित कारण सामने आए हैं।
- पढ़ाई और परीक्षाओं का बढ़ता मानसिक दबाव।
- घर में पढ़ाई को लेकर सख्त माहौल, क्योंकि छात्र अपने शिक्षक दादा-दादी के साथ रहता था।
- वीडियो गेम से जुड़े किसी संभावित टास्क या प्रभाव की भी जांच की जा रही है। हालांकि, इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक निष्कर्ष सामने नहीं आया है।
स्कूल में मची अफरा-तफरी

पुलिस के मुताबिक, छात्र ने पहले अपनी कक्षा के भीतर फायरिंग की और फिर स्कूल परिसर में भी गोलियां चलाईं। उसने 20 से अधिक राउंड फायर किए। मौके से 30 जिंदा कारतूस भी बरामद हुए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गोलियों की आवाज सुनते ही छात्र-छात्राएं क्लासरूम में छिप गए। बाद में पुलिस ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। घटना के बाद पूरे स्कूल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
Thailand में स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों पर गोलीबारी की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। इन घटनाओं के बाद सरकार ने हथियारों की उपलब्धता और मानसिक स्वास्थ्य (Mental Health) से जुड़े मामलों की निगरानी बढ़ाने की बात कही थी। ताजा घटना (Thailand School Shooting) के बाद एक बार फिर स्कूल सुरक्षा और किशोरों के मानसिक स्वास्थ्य को लेकर बहस तेज हो गई है।
Also Read: अमेरिकी हथियारों की कमी के दावों पर भड़के ट्रंप, बोले- हमारे पास पर्याप्त स्टॉक

