नगर निगम ने हटवाईं राजनाथ के बेटे नीरज सिंह के जन्मदिन की होर्डिंग्स, भड़के बीजेपी कार्यकर्ता
Lucknow News: रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के बेटे और उत्तर प्रदेश बीजेपी के उपाध्यक्ष नीरज सिंह के जन्मदिन से एक दिन पहले लगाए गए बधाई संदेशों वाले होर्डिंग पर नगर निगम ने कार्रवाई की। बुधवार दोपहर नगर निगम की टीम ने लखनऊ के कई प्रमुख मार्गों और चौराहों से दर्जनों होर्डिंग हटाकर जब्त कर लिए। कार्रवाई के दौरान कुछ जगह बीजेपी नेताओं और नगर निगम कर्मचारियों के बीच तीखी बहस और झड़प भी हुई।
प्रमुख चौराहों पर लगाए गए थे होर्डिंग
नीरज सिंह का जन्मदिन गुरुवार को है। इससे पहले उनके समर्थकों और बीजेपी नेताओं ने लोहिया पथ, संतामूलक चौक, दस-नब्बे चौराहा समेत कई जगह बड़े होर्डिंग लगवाए थे। इनमें नीरज सिंह को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी गई थीं। बताया गया कि बीजेपी नेता अमरपाल मौर्य समेत कई नेताओं की ओर से ये होर्डिंग लगवाए गए थे।
निगम टीम ने ट्रक में लादकर जब्त किए
बुधवार दोपहर नगर निगम के उच्च अधिकारियों के निर्देश के बाद होर्डिंग हटाने का अभियान शुरू हुआ। जोनल अधिकारी ओमप्रकाश को कार्रवाई की जिम्मेदारी दी गई। टीम ने अलग-अलग स्थानों से होर्डिंग हटाकर उन्हें ट्रक में लाद लिया। एक ट्रक से अधिक होर्डिंग जब्त किए जाने की बात सामने आई है।
कार्रवाई पर बीजेपी कार्यकर्ताओं का विरोध
होर्डिंग हटाने पर बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। उनका आरोप था कि नीरज सिंह के बधाई संदेश वाले होर्डिंग चुनिंदा तरीके से हटाए जा रहे हैं। हालांकि विरोध के बावजूद निगम की कार्रवाई जारी रही। अधिकारियों ने कार्रवाई की वजह पर स्पष्ट जानकारी नहीं दी। उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि अभियान ऊपर से मिले निर्देशों के आधार पर चलाया गया है। इससे कार्रवाई को लेकर सियासी चर्चा तेज हो गई है।
Also Read: नेपाल में भोटेकोशी नदी की बाढ़ से तबाही, 8 की मौत, 105 भारतीय समेत 291 विदेशी लापता

