जो अधिकारी या संवैधानिक पद पर पहुँच गया, उसे आरक्षण की क्या जरूरत, ओमप्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना

Lucknow News: सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने आर्थिक आधार पर आरक्षण दिए जाने की वकालत की है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने गरीबों और वंचितों को समाज की मुख्यधारा में लाने के लिए आरक्षण की व्यवस्था की थी। राजभर ने सवाल उठाते हुए कहा कि जो व्यक्ति डीएम, एसपी, आईजी, डीआईजी, मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री, राज्यपाल या राष्ट्रपति जैसे उच्च पदों पर पहुंच चुका है, उसे अब आरक्षण की क्या आवश्यकता है?

उन्होंने चिंता जताई कि आरक्षण का लाभ पहले से पा चुके लोग ही बार-बार इसका फायदा उठा रहे हैं, जिससे असली गरीब और जरूरतमंद पीछे छूट रहे हैं। उल्लेखनीय है कि इससे पहले उनके बेटे अरविंद राजभर ने भी आर्थिक आधार पर ही आरक्षण लागू करने का समर्थन किया था।

जातीय जनगणना पर विपक्ष को घेरा

जातीय जनगणना के मुद्दे पर कैबिनेट मंत्री ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष का काम केवल विरोध करना है, जबकि सरकार अपना कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा घोषणा किए जाने के बाद से ही विपक्षी दलों में इसका श्रेय लेने की होड़ मच गई है। राजभर ने स्पष्ट किया कि सरकार की प्राथमिकता विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

चच्चा गृहमंत्री की बात कर रहे हैं, तो बच्चा मुसलमान को सीएम बनाने की घोषणा करे

समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि सपा शासनकाल में जो राजनीतिक संस्कृति बनी, वही आज भी दिख रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान अपराधियों पर मामले तक दर्ज नहीं होते थे। शिवपाल यादव द्वारा आजम खान को गृहमंत्री बनाने संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए राजभर ने चुटकी ली और कहा कि अगर ‘चच्चा’ (शिवपाल) मुसलमान को गृहमंत्री बनाने की बात कर रहे हैं, तो ‘बच्चा’ (अखिलेश) भी मुसलमान को मुख्यमंत्री बनाने की घोषणा कर दे। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि पिछले चुनावों में उनकी बदौलत ही समाजवादी पार्टी ने गाजीपुर की सभी सात विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज की थी।

Also Read: नेपाल बाढ़ की चपेट में आए ईशा फाउंडेशन के 80 लोग, सद्गुरु जग्गी वासुदेव ने व्यक्त किया गहरा दुख

Get real time updates directly on you device, subscribe now.