लखनऊ में तेज रफ्तार वाहन का कहर, 21 साल की युवती की मौत, टक्कर मारकर चालक फरार
Lucknow Accident: लखनऊके तेलीबाग मार्केट (Teli Bagh Market) में मंगलवार सुबह हुए सड़क हादसे में 21 वर्षीय युवती की मौत हो गई। वरदानी हनुमान मंदिर (Vardani Hanuman Temple) के सामने करीब सुबह 6 बजे एक अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी।
हादसे के बाद युवती गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गई। सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल तहसीन बानो (Tahseen Bano) को एपेक्स ट्रॉमा सेंटर, पीजीआई ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।
गोमतीनगर के कॉल सेंटर में करती थी नौकरी
तहसीन बानो तेलीबाग की ब्रिज विहार कॉलोनी की रहने वाली थी। परिजनों के मुताबिक, वह गोमतीनगर स्थित एक कॉल सेंटर में नौकरी करती थी।
वह तीन बहनों में सबसे बड़ी थी। उसकी दो छोटी बहनें तहरीन बानो और अनाया हैं। पिता खुर्शीद अहमद पिकअप भवन में गार्ड की नौकरी करते हैं। बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
Lucknow Police ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है।
दुकानदारों ने की ब्रेकर बनाने की मांग
तेलीबाग मार्केट के दुकानदारों का कहना है कि इस रास्ते पर वाहन तेज रफ्तार से गुजरते हैं। बाजार और मंदिर के सामने लोगों की आवाजाही भी काफी रहती है, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है।
स्थानीय दुकानदारों ने प्रशासन से वरदानी हनुमान मंदिर के सामने ब्रेकर बनवाने और वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने की मांग की है।
Also Read: लखनऊ में सफाई कर्मचारियों ने काम रोका, नगर निगम मुख्यालय पर प्रदर्शन, LSA पर मनमानी का आरोप

