UP में अब 70 साल तक सेवा देंगे सरकारी डॉक्टर, डिप्टी CM ब्रजेश पाठक का ऐलान

UP Government Doctors: उत्तर प्रदेश में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। अब सरकारी डॉक्टर सेवानिवृत्ति के बाद भी 70 वर्ष की उम्र तक पुनर्नियुक्ति (Reappointment) के जरिए सेवाएं दे सकेंगे।

अभी सरकारी चिकित्सकों की सेवा अवधि 65 वर्ष तक है। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक (Brajesh Pathak) के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव स्तर से नई व्यवस्था का आदेश जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

अनुभवी डॉक्टरों का मिलेगा सीधा फायदा

प्रदेश के सरकारी अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) में रोज बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में अनुभवी चिकित्सकों की सेवाएं पांच साल और उपलब्ध होने से मरीजों को विशेषज्ञ परामर्श और बेहतर इलाज मिल सकेगा।

ब्रजेश पाठक ने बताया कि प्रांतीय चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा संवर्ग में चिकित्सा अधिकारी और विशेषज्ञ डॉक्टर शामिल हैं। ये चिकित्सक सरकारी अस्पतालों, सीएचसी और पीएचसी में स्वास्थ्य सेवाओं की अहम जिम्मेदारी संभालते हैं।

विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी वाले विभागों को राहत

डिप्टी सीएम के मुताबिक, इस व्यवस्था का सबसे ज्यादा फायदा उन विभागों को मिल सकता है जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी है। ग्रामीण इलाकों के अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में भी अनुभवी डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ने से स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव को सेवानिवृत्ति के बाद 70 वर्ष तक सरकारी डॉक्टरों (Government Doctors) की पुनर्नियुक्ति से जुड़ा आदेश जारी करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार का कहना है कि अनुभवी चिकित्सकों की विशेषज्ञता का इस्तेमाल कर सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को ज्यादा सक्षम और मरीजों के लिए सुलभ बनाया जाएगा।

Also Read: UP में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ा, 8 हजार से सीधे 12 हजार, सहायिकाओं को भी बड़ी राहत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.