पूर्व आईएएस डॉ. राकेश वर्मा और दक्षिण भारतीय अभिनेत्री फिरदौस बानो कांग्रेस में शामिल

Lucknow News: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस अपनी संगठनात्मक ताकत बढ़ाने में लगातार जुटी हुई है। इसी कड़ी में बुधवार को लखनऊ स्थित पार्टी के प्रांतीय मुख्यालय में पूर्व आईएएस अधिकारी डॉ. राकेश वर्मा और दक्षिण भारतीय फिल्मों की अभिनेत्री फिरदौस बानो (जारा खान) ने आधिकारिक रूप से कांग्रेस का दामन थाम लिया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की मौजूदगी में यूपी कांग्रेस के जॉइनिंग प्रभारी नितिन शर्मा ने दोनों को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता दिलाई। उल्लेखनीय है कि डॉ. वर्मा मूलतः पीसीएस कैडर से आईएएस में पदोन्नत हुए थे और बाद में वीआरएस लेने के लिए उन्होंने अपनी सेवाएं वापस मूल कैडर में ली थीं।

शासन पर पूर्व आईएएस का तीखा प्रहार

कांग्रेस में शामिल होने के बाद डॉ. राकेश वर्मा ने वर्तमान प्रशासनिक व्यवस्था और नौकरशाही की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि आज के दौर में प्रशासनिक अधिकारी अपने मूल दायित्वों से भटक कर अन्य कार्यों में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा, देश को बचाना है तो शिक्षा के क्षेत्र में ठोस काम करना होगा। वर्तमान में देश और प्रदेश की सत्ता ऐसे हाथों में है जिनका लोकतंत्र और संविधान में कोई विश्वास नहीं है। डॉ. वर्मा ने बताया कि वह लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के विचारों और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के संघर्षों से प्रभावित होकर पार्टी से जुड़े हैं।

पूर्व आईएएस डॉ. वर्मा के पार्टी में शामिल होने के संकेत एक दिन पहले ही मिल गए थे, जब रायबरेली के दो दिवसीय दौरे पर जा रहे राहुल गांधी से उन्होंने लखनऊ एयरपोर्ट पर मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने अपनी लिखी पुस्तक ‘ट्रोल पुराण : राहु से राहुल की यात्रा’ राहुल गांधी को भेंट की। यह पुस्तक राजनीतिक धारणाओं और इस बात पर केंद्रित है कि किस तरह सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग के जरिए राहुल गांधी की छवि को प्रभावित करने की कोशिश की गई, तथा ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के बाद उनकी छवि में क्या सकारात्मक बदलाव आया।

पूर्व आईएएस डॉ. राकेश वर्मा और दक्षिण भारतीय अभिनेत्री फिरदौस बानो कांग्रेस में शामिल

चुनावी रणनीति में मिलेगा डॉ. वर्मा के अनुभव का लाभ: अजय राय

उद्योग समेत कई महत्वपूर्ण विभागों में वीआरएस से पहले सेवा दे चुके डॉ. वर्मा के तकनीकी और प्रशासनिक अनुभव का इस्तेमाल कांग्रेस आगामी चुनाव प्रचार में रणनीतिक रूप से कर सकती है। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि उनके आने से संगठन को नई मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम में लखनऊ के राम कुमार ठाकुर, विकास चंद्रा और राज कुमार समेत कई अन्य प्रमुख लोगों ने भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

Also Read: यूपी पंचायत चुनाव से पहले ब्लॉक प्रमुखों को बड़ी राहत, नई गाइडलाइन लागू

Get real time updates directly on you device, subscribe now.