प्रयागराज में 60 लाख की साइबर ठगी के पीड़ित से ही 20% रिश्वत की मांग! SI और कॉन्स्टेबल पर FIR

Prayagraj Police Bribe: प्रयागराज में साइबर ठगी के एक मामले ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि 60 लाख रुपये की साइबर ठगी (Cyber Fraud) के शिकार परिवार से फ्रीज हुई रकम वापस कराने के बदले पुलिसकर्मियों ने रिश्वत मांगी।

पीड़ित परिवार का दावा है कि रकम रिलीज कराने के नाम पर विवेचक को करीब 4.20 लाख रुपये दिए गए, लेकिन इसके बावजूद फ्रीज रकम में से पूरी राशि वापस नहीं मिली। बाद में 20 प्रतिशत कमीशन मांगने का भी आरोप लगा। शिकायत के बाद सब इंस्पेक्टर ओमनारायण गौतम और कॉन्स्टेबल अभिषेक कुमार के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।

60 लाख की ठगी, 33 लाख रुपये हुए थे फ्रीज

मामला Prayagraj में तैनात एक महिला कांस्टेबल के भाई से जुड़ा है। साइबर ठगों ने कथित तौर पर उसके साथ करीब 60 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी की थी। शिकायत के बाद साइबर क्राइम पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ठगी की रकम में से करीब 33 लाख रुपये अलग-अलग खातों में फ्रीज कराए।

इसके बाद अदालत ने फ्रीज रकम को पीड़ित के खाते में वापस करने का आदेश दिया। आरोप है कि इसी रकम को रिलीज कराने के लिए मामले के विवेचक SI ओमनारायण गौतम और कांस्टेबल अभिषेक कुमार ने परिवार से पैसे की मांग की।

4.20 लाख देने के बाद भी 24 लाख ही लौटे

परिवार का आरोप है कि रकम वापस कराने के नाम पर विवेचक को अलग-अलग माध्यमों से कुल करीब 4.20 लाख रुपये दिए गए। इसके बावजूद फ्रीज की गई रकम में से केवल 24 लाख रुपये ही उनके खाते में वापस आए।

शेष रकम की जानकारी लेने महिला कांस्टेबल जब साइबर क्राइम थाने पहुंचीं तो आरोप है कि वहां मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने भी रकम वापस कराने के बदले 20 प्रतिशत कमीशन की मांग की।

लगातार कथित पैसों की मांग से परेशान होकर महिला कांस्टेबल और उनके भाई ने Prayagraj पुलिस कमिश्नर से शिकायत की। इसके बाद मामले की जांच शुरू हुई और SI ओमनारायण गौतम तथा कांस्टेबल अभिषेक कुमार के खिलाफ रिश्वतखोरी के आरोप में FIR दर्ज कर ली गई।

अब जांच में यह सामने आना बाकी है कि कथित तौर पर रकम किस तरह ली गई, इसमें और कौन-कौन लोग शामिल थे और अदालत के आदेश के बावजूद फ्रीज हुई पूरी रकम पीड़ित को क्यों नहीं मिल सकी।

Also Read: पहले बेटी बनाती थी संबंध, फिर पिता करता था ब्लैकमेल… बस्ती में SO की मौत के बाद खुला हनीट्रैप का खेल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.