सिद्धू मूसेवाला के करीबी पंजाबी सिंगर गुलाब सिद्धू के घर फायरिंग, देर रात चलीं 7-8 राउंड गोलियां

Punjab Singer Gulab Sidhu House Attack: पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़ी एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। पंजाब के बरनाला जिले के फरवाही गांव में मशहूर सिंगर और लिरिक्स राइटर गुलाब सिद्धू के घर पर शनिवार देर रात फायरिंग हुई। बताया जा रहा है कि मोटरसाइकिल सवार अज्ञात लोगों ने घर के गेट पर 7 से 8 राउंड गोलियां चलाईं। हमले में गुलाब सिद्धू को निशाना बनाने की कोशिश की गई।

घटना रात करीब 1 बजे से 2 बजे के बीच की बताई जा रही है। राहत की बात यह है कि गोलीबारी में घर के किसी सदस्य को चोट नहीं आई। परिवार के सभी लोग सुरक्षित हैं। फायरिंग के बाद गांव और आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।

पुलिस खंगाल रही हमलावरों का सुराग

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि हमलावर कौन थे और उन्होंने गुलाब सिद्धू के घर पर गोलीबारी क्यों की। अभी तक हमले के पीछे की वजह और किसी साजिश की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

सिद्धू मूसेवाला के करीबी रहे हैं गुलाब

गुलाब सिद्धू पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री का जाना-पहचाना नाम हैं। उन्होंने दिवंगत सिंगर सिद्धू मूसेवाला के साथ कई गाने बनाए थे। दोनों की जोड़ी को दर्शकों ने काफी पसंद किया। गुलाब सिद्धू, सिद्धू मूसेवाला को अपना मेंटर मानते थे। 29 मई 2022 को मूसेवाला की हत्या के बाद गुलाब अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में लगातार उनके लिए न्याय की मांग करते रहे हैं।

गुलाब सिद्धू कई पंजाबी अभिनेत्रियों के साथ गाने कर चुके हैं। उन्होंने फिल्मों में भी काम किया है। उनकी पंजाबी फिल्म ‘जुदा’ में टीवी एक्ट्रेस जैस्मीन भसीन भी नजर आई थीं।

Also Read: मोहम्मद शमी के भाई पर लखनऊ की महिला ने लगाए यौन शोषण के आरोप, पुलिस से लगाई न्याय की गुहार 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.