अजय साहनी के परिजनों से मिलने जा रहे चंद्रशेखर आजाद रोके गए, पुलिसकर्मियों से हुई तीखी बहस
Barabanki News: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में कारोबारी अजय साहनी की हत्या के बाद जिले में सियासी माहौल गरमा गया है। पीड़ित परिवार से संवेदना व्यक्त करने जा रहे आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद के काफिले को पुलिस ने मसौली स्थित शहाबपुर टोल प्लाजा पर रोक दिया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और भीम आर्मी कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस हुई और धक्का-मुक्की की नौबत आ गई।
काफिला रोके जाने की सूचना मिलते ही चंद्रशेखर आजाद खुद गाड़ी से नीचे उतरे और पुलिस अफसरों से बात करने पहुंचे। बातचीत के दौरान पुलिसकर्मियों और सांसद के बीच नोकझोंक काफी बढ़ गई। पुलिस के रवैये से नाराज चंद्रशेखर आजाद कार्यकर्ताओं संग टोल प्लाजा पर ही धरने पर बैठ गए और बदसलूकी करने वाले पुलिसकर्मियों से माफी मांगने की मांग पर अड़ गए।
उत्तर प्रदेश –
बाराबंकी पुलिस ने सांसद चंद्रशेखर आजाद को रोका। वह गोंडा जिले में हुए व्यापारी विनोद साहनी हत्याकांड में पीड़ित फैमिली से मिलने जा रहे थे। यह हत्या सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर हुई थी। pic.twitter.com/nknlDPqC6x— Sachin Gupta (@Sachingupta) September 13, 2026
गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं होगी, सरकार ले जिम्मेदारी: चंद्रशेखर आजाद
धरने के दौरान चंद्रशेखर आजाद ने शासन और प्रशासन पर कड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा, हम इस तरह की गुंडागर्दी को कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे। यदि यह पूरी घटना पुलिस के संरक्षण में हुई है, तो इसकी सीधी जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन को लेनी होगी। सांसद ने पुरानी यादें साझा करते हुए बताया कि वह करीब दो महीने पहले मृतक कारोबारी के रिश्तेदार विनोद साहनी से मिले थे, जो सरनेलगंज से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे।
इस दौरान चंद्रशेखर आजाद ने अजय साहनी के शोकाकुल परिवार के लिए प्रशासन के समक्ष पीड़ित परिवार को तत्काल पूर्ण सुरक्षा मुहैया कराने, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाने व पीड़ित परिवार को 1 करोड़ रुपये का मुआवजा दिए जाने की मांग रखी। फिलहाल मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और वरिष्ठ अधिकारी सांसद को समझाने के प्रयास में जुटे हुए हैं।
Also Read: भारत में पहली बार टी20 खेलेगा 15 साल का वैभव सूर्यवंशी, आज अफगानिस्तान से मुकाबला

