सिद्धार्थनगर लोक अदालत में 107 मोटर दुर्घटना वाद निस्तारित, पीड़ितों को मिला 6.37 करोड़ मुआवजा
Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर में 12 सितंबर 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अजय कुमार श्रीवास्तव-तृतीय की अध्यक्षता में सिविल कोर्ट सिद्धार्थनगर, बाह्य स्थित न्यायालय बांसी और डुमरियागंज, ग्राम न्यायालय इटवा, जिला कारागार, राजस्व और चकबंदी न्यायालयों सहित बैंकों में लोक अदालत लगी।
107 मोटर दुर्घटना वादों का निस्तारण
राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान मोटर दुर्घटना प्रतिकर दावा अधिकरण, सिद्धार्थनगर में 107 मामलों का निपटारा किया गया। इन मामलों की सुनवाई पीठासीन अधिकारी अरविन्द राय ने की। उन्होंने बताया कि सभी वादों का निस्तारण आपसी समझौते के आधार पर किया गया।
समझौते के बाद पीड़ित पक्ष को कुल 6 करोड़ 37 लाख 18 हजार 296 रुपये की मुआवजा राशि दिलाई गई। इससे दुर्घटना में प्रभावित लोगों और उनके परिवारों को आर्थिक राहत मिली।

लंबी कानूनी प्रक्रिया से मिली राहत
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव शैलेन्द्र नाथ ने बताया कि लोक अदालत में आपसी सुलह और समझौते से मामलों का तेजी से निस्तारण हुआ। इससे पक्षकारों को लंबे समय तक चलने वाली न्यायिक प्रक्रिया से राहत मिली।

उन्होंने कहा कि लोक अदालत का उद्देश्य विवादों को सहमति के आधार पर जल्द समाप्त करना और जरूरतमंद पक्षों को न्याय दिलाना है। इस दौरान आर्थिक सहायता मिलने से पीड़ित परिवारों को भी राहत मिली। अधिकारियों ने लोक अदालत को त्वरित और सुलभ न्याय का प्रभावी माध्यम बताया।
रिपोर्ट: जाकिर खान
Also Read: लखनऊ में जन्मदिन पार्टी के बाद मजदूर की हत्या, सुबह मौरंग के ढेर पर मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

