UGC कानून के विरोध में हापुड़ के गांव का ऐलान, ‘रोल बैक नहीं तो वोट नहीं’, नेताओं की एंट्री भी बंद

UGC Law Protest in Hapur: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में प्रस्तावित UGC कानून को लेकर विरोध तेज होता जा रहा है। पहासू क्षेत्र के कुंवरपुर गांव में ग्रामीणों ने अब चुनावी बहिष्कार का ऐलान कर दिया है। गांव के बाहर पोस्टर लगाकर साफ संदेश दिया गया है, ‘UGC रोल बैक नहीं तो वोट नहीं।’

ग्रामीणों ने आगामी चुनाव को देखते हुए गांव में नेताओं और जनप्रतिनिधियों के प्रवेश तथा वोट मांगने पर भी रोक लगाने की बात कही है। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांग पर सरकार की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जाता, तब तक वे चुनाव में अपना समर्थन नहीं देंगे।

सवर्ण समाज के हितों के खिलाफ बताया कानून

कुंवरपुर के ग्रामीण प्रस्तावित कानून को सवर्ण समाज (General Category) के हितों के खिलाफ बता रहे हैं। गांव निवासी नीरज शर्मा ने आरोप लगाया कि कानून की आड़ में सवर्ण समाज विरोधी राजनीति की जा रही है।

ग्रामीणों का दावा है कि कानून लागू होने के बाद सवर्ण समाज के युवाओं के लिए अपनी बात खुलकर रखना मुश्किल हो सकता है और इससे उनके अधिकार प्रभावित होंगे। इसी मुद्दे को लेकर गांव में ग्रामीणों ने एकजुट होकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया।

पहले भी हो चुका है विरोध

पहासू क्षेत्र में UGC Law के खिलाफ विरोध पहले भी सामने आ चुका है। आसपास के गांवों में क्षत्रिय करणी सेना ने कानून के विरोध में भूख हड़ताल की थी। इसके बाद सनातन रक्षा वाहिनी के प्रमुख प्रिंस जादौन के नेतृत्व में भी भूख हड़ताल कर विरोध जताया गया।

कुंवरपुर में वीरेंद्र, शुभम, सोनी समेत कई ग्रामीण प्रदर्शन में शामिल हुए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से बातचीत कर प्रदर्शन शांत कराया। थाना प्रभारी के मुताबिक, एहतियात के तौर पर गांव में लगाए गए विरोधी बैनर और पोस्टर भी हटवा दिए गए हैं। फिलहाल इलाके में स्थिति शांत है, लेकिन प्रस्तावित UGC कानून को लेकर ग्रामीणों का विरोध जारी है।

Also Read: संभल में हादसा: 20 से ज्यादा लोगों को ले जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 3 महिलाओं की मौत, 15 घायल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.