संभल में हादसा: 20 से ज्यादा लोगों को ले जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 3 महिलाओं की मौत, 15 घायल

Sambhal Accident: संभल में सोमवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र में फतेहउल्ला गंज के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल बताए जा रहे हैं।

बताया गया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में 20 से अधिक लोग सवार थे। सभी असमोली थाना क्षेत्र के गांव पेतीयां माफी से मैनाठेर में एक रिश्तेदार के यहां गमी में शामिल होने जा रहे थे।

एक्सल टूटने से अनियंत्रित हुई ट्रॉली

फतेहउल्ला गंज के नजदीक अचानक ट्रैक्टर का एक्सल टूट गया। इसके बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से ट्रॉली में फंसे लोगों को बाहर निकाला। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। गंभीर घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि कुछ का मैनाठेर के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।

तीन महिलाओं की मौत

एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि हादसे में पेतीयां माफी निवासी तीन महिलाओं की मौत हुई है। मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है:

  • चंद्रावती (50), पत्नी हरकेश
  • ममता (55), पत्नी दयाराम
  • ओमवती (60), पत्नी हरपाल

पुलिस के मुताबिक हादसे (Sambhal Accident) में कई लोग घायल हुए हैं और उनका इलाज कराया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना की वजह ट्रैक्टर का एक्सल टूटना सामने आई है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Also Read: लखनऊ में जन्मदिन पार्टी के बाद मजदूर की हत्या, सुबह मौरंग के ढेर पर मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

Get real time updates directly on you device, subscribe now.