लखनऊ में महिला की सिर कूचकर हत्या, 24 घंटे में दो और चार दिन में तीसरी वारदात

Lucknow News: लखनऊ के कृष्णानगर इलाके में मंगलवार सुबह एक महिला की हत्या से सनसनी फैल गई। बारा-बिरवा स्थित मानसरोवर मार्केट के बरामदे में करीब 30 साल की महिला का खून से सना शव मिला। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मृतका की पहचान राधा के रूप में हुई है।

कृष्णानगर इंस्पेक्टर पीके सिंह के अनुसार, महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं। वह सड़क किनारे घूमंतू जीवन जीती थी और भोला नाम के व्यक्ति के साथ रहती थी। घटना के बाद से भोला लापता है। पुलिस आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।

24 घंटे में दूसरी हत्या

कृष्णानगर में सोमवार सुबह भी 32 वर्षीय रामबाबू मौर्या की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। उसका शव सड़क किनारे मौरंग के ढेर पर मिला था। रामबाबू काकोरी के गोलाकुआं गांव का रहने वाला था और मजदूरी करता था।

चार दिन में तीसरी वारदात

इससे पहले शनिवार को मड़ियांव में नगर निगम से रिटायर्ड सुपरवाइजर मगन बिहारी तिवारी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। वह पोते संकल्प के साथ बिजली का बिल जमा करने जा रहे थे। रास्ते में रॉन्ग साइड से आने वाले कबाड़ी को टोकने पर विवाद हुआ। कबाड़ी ने चाकू से हमला कर दिया।

पोते को बचाने पहुंचे मगन बिहारी के पेट और सीने पर भी वार किए गए। आरोपी मौके से भाग निकला।इस तरह राजधानी में चार दिन के भीतर तीसरी हत्या हुई है। पुलिस तीनों मामलों की जांच कर रही है।

Also Read: Barabanki News: थाने के अंदर दो सिपाहियों के बीच जमकर चले लात-घूंसे, वीडियो वायरल होने पर SP ने दोनों को किया सस्पेंड 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.