Adidas India में छंटनी की खबर, गुरुग्राम ऑफिस से 50 फीसदी कर्माचारियों को निकाला बाहर
Adidas India Layoff : दिग्गज स्पोर्ट्सवियर कंपनी Adidas के भारत स्थित टेक्नोलॉजी ऑपरेशन में बड़े पैमाने पर छंटनी की खबर सामने आई है। कंपनी का गुरुग्राम स्थित इंडिया टेक हब करीब 700 कर्मचारियों का है। रिपोर्ट के मुताबिक, इनमें से 45 से 50 फीसदी कर्मचारियों की नौकरियां प्रभावित हुई हैं। हालांकि, प्रभावित कर्मचारियों की सटीक संख्या की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और Adidas ने भी इसका आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया है।
बताया जा रहा है कि 15 सितंबर को हुई टाउन हॉल मीटिंग में कर्मचारियों को इस फैसले की जानकारी दी गई। प्रभावित लोगों में सॉफ्टवेयर इंजीनियर, डेटा साइंटिस्ट, डेटा इंजीनियर और टेक्नोलॉजी से जुड़े अन्य कर्मचारी शामिल हैं।
कुछ कर्मचारियों को तुरंत एग्जिट, बाकी को 15 दिसंबर तक का समय
रिपोर्ट के अनुसार, प्रभावित कर्मचारियों को दो समूहों में बांटा गया है। पहले समूह में शामिल कर्मचारियों को 15 सितंबर को ही एग्जिट लेटर दे दिया गया।
वहीं, दूसरे समूह के कर्मचारियों को फिलहाल काम जारी रखने के लिए कहा गया है। इन कर्मचारियों को 15 दिसंबर तक काम करने और कंपनी के दूसरे टेक हब को जरूरी हैंडओवर पूरा करने का समय दिया गया है।
इस दौरान कर्मचारी Adidas के भीतर दूसरी भूमिका तलाश सकते हैं। अगर उन्हें 15 दिसंबर तक कंपनी में कोई दूसरी भूमिका नहीं मिलती है, तो उस दिन को उनका आखिरी वर्किंग डे माना जाएगा।
Adidas ने पदों में कटौती की पुष्टि की, लेकिन संख्या नहीं बताई
Adidas ने भारत में अपने टेक्नोलॉजी संगठन में कुछ पदों को कम करने की पुष्टि की है। हालांकि, कंपनी ने कितने कर्मचारियों की नौकरी प्रभावित हुई है, इसका आंकड़ा नहीं बताया।
कंपनी ने कहा कि यह फैसला उसके ऑपरेटिंग मॉडल को कारोबार की बदलती जरूरतों के हिसाब से तैयार करने के लिए लिया गया है। Adidas के मुताबिक, संगठन के कुछ हिस्सों को सरल बनाने, जरूरी क्षमताओं को मजबूत करने और तेजी से बदल रहे बिजनेस व टेक्नोलॉजी माहौल के लिए कंपनी को लंबे समय के लिहाज से तैयार करना इसका उद्देश्य है।
कंपनी ने यह भी कहा कि भारत उसके लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बाजार बना हुआ है। गुरुग्राम स्थित इंडिया टेक्नोलॉजी हब कंपनी के ग्रोथ, इनोवेशन और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन में आगे भी अहम भूमिका निभाता रहेगा।

