Lucknow News: घर में अकेली रह रही 70 वर्षीया बुजुर्ग महिला की चाकू घोंपकर हत्या
Lucknow News: राजधानी लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र स्थित खुर्रमपुर गांव में दुस्साहसिक वारदात सामने आई है। यहां घर में अकेली रह रही 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला छेदना की अज्ञात हमलावरों ने चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी। शुक्रवार सुबह महिला का शव घर के भीतर चारपाई पर खून से लथपथ हालत में मिला। घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों का जमावड़ा लग गया।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 9:30 बजे ग्रामीणों ने छेदना को अपने घर के बाहर देखा था, जिसके बाद वह अंदर चली गई थीं। शुक्रवार सुबह लगभग 7:30 बजे जब गांव की महिला ‘आशा’ रोजाना की तरह उन्हें दूध देने पहुंची, तो काफी देर तक आवाज लगाने के बाद भी अंदर से कोई कुंडी या दरवाजा नहीं खुला। अनहोनी की आशंका होने पर आशा ने मुख्य गेट से अंदर झांका, तो उनके होश उड़ गए। छेदना चारपाई पर खून से लथपथ पड़ी थीं और उनकी सांसें थम चुकी थीं।
पति का हो चुका है देहांत, दोनों बेटियां हैं शादीशुदा
मृतका छेदना के पति शंकर लाल गौतम की करीब छह साल पहले ही मृत्यु हो चुकी है। उनकी दो बेटियां राम जानकी और अर्चना हैं, जो शादी के बाद अपने-अपने ससुराल (क्रमशः बालागंज और ठाकुरगंज) में रहती हैं। घर में कोई और सदस्य न होने के कारण छेदना गांव में बिल्कुल अकेली रहती थीं।
हत्या की वजह तलाशने में जुटी पुलिस
वारदात की सूचना मिलते ही बंथरा थाना पुलिस फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बुजुर्ग महिला की हत्या किसने और किस मकसद से की, इसका खुलासा फिलहाल नहीं हो सका है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ और रंजिश के पहलुओं की जांच कर रही है।
Also Read: कैमरून में बोको हराम का भीषण हमला, सो रहे 13 ग्रामीणों की निर्मम हत्या

