Lucknow News: मोहनलालगंज में बक्से में मिली लाश की हुई शिनाख्त, दुबग्गा का बग्घी चालक था मृतक

Lucknow News: राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र में रायबरेली-लखनऊ हाईवे किनारे नहर की पुलिया के नीचे बुधवार को लकड़ी के बंद बक्से में मिले अज्ञात शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मृतक की पहचान दुबग्गा क्षेत्र के रहने वाले बग्घी चालक राम किशोर वाल्मीकि (35 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और फुटेज की मदद से घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

सीसीटीवी फुटेज में बक्सा फेंकते दिखे तीन लोग

वारदात की छानबीन में जुटी पुलिस को घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर अहम सुराग मिले। फुटेज में एक ई-रिक्शा पर सवार होकर आए तीन लोग पुलिया के नीचे लकड़ी का बक्सा फेंकते हुए साफ दिखाई दिए।

नंबर प्लेट के जरिए आरोपियों तक पहुंची पुलिस

सीसीटीवी फुटेज में दिखे ई-रिक्शे के पंजीयन नंबर को ट्रेस करते हुए पुलिस की टीम ने जाल बिछाया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गुरुवार शाम को दुबग्गा इलाके से ही एक महिला समेत तीनों संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है, जिससे हत्या की वजह और वारदात में शामिल अन्य पहलुओं का खुलासा हो सके।

रिपोर्ट- रजा शेख

Also Read: Lucknow News: घर में अकेली रह रही 70 वर्षीया बुजुर्ग महिला की चाकू घोंपकर हत्या

Get real time updates directly on you device, subscribe now.