Agra News: ड्यूटी से गायब सिपाहियों ने की दरोगा से बदसलूकी, डीसीपी ने दोनों को किया सस्पेंड

Agra News: उत्तर प्रदेश के आगरा में पुलिस विभाग के भीतर ही अनुशासनहीनता और तानाशाही का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। कर्तव्य पालन कराने और गैरहाजिरी दर्ज करने से नाराज दो सिपाहियों ने अपने ही दरोगा के साथ जमकर अभद्रता की और उन्हें अंजाम भुगतने की धमकी दे डाली।

यह घटना 12 सितंबर की है, जब एत्माद्दौला थाना क्षेत्र की रामबाग चौकी के अंतर्गत आने वाले रामबाग चौराहे पर सिपाही नरोत्तम सिंह और आयुष चौधरी की तैनाती की गई थी। जांच के दौरान दरोगा कुलदीप कुमार को दोनों सिपाही अपनी ड्यूटी प्वाइंट से गायब मिले। इस पर दरोगा ने विभागीय नियमों का पालन करते हुए उनकी अनुपस्थिति की सूचना पुलिस के आधिकारिक वॉट्सऐप ग्रुप पर साझा की और उनकी गैरहाजिरी दर्ज कर दी।

धमकियों और हाथापाई तक पहुंचा मामला

अपनी रपट लिखे जाने की खबर मिलते ही दोनों सिपाही आपा खो बैठे और सीधे रामबाग चौकी पहुंचे। वहां उन्होंने दरोगा कुलदीप कुमार को घेर लिया और रौब दिखाते हुए कहा, चुपचाप अपनी नौकरी करो, ज्यादा थानेदार बनने की कोशिश मत करो। दरोगा के समझाने के बावजूद सिपाहियों का रवैया उग्र होता गया और बात हाथापाई तक आ पहुंची। मौके पर मौजूद साथी पुलिसकर्मियों ने किसी तरह स्थिति को संभाला। इस दुर्व्यवहार से आहत दरोगा ने मामले की पूरी जानकारी एसीपी छत्ता श्वेता वर्मा को दी।

जांच के बाद निलंबन और विभागीय कार्रवाई

एसीपी छत्ता द्वारा की गई प्राथमिक पड़ताल में आरोप सही पाए जाने पर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने त्वरित कदम उठाते हुए दोनों आरोपी सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित (सस्पेंड) कर दिया। डीसीपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस बल में किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोनों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

Also Read: Moody’s ने बढ़ाया भारत की GDP ग्रोथ का अनुमान, FY27 में 7% की रफ्तार का अनुमान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.