मैदा, गोंद और रिफाइंड से बन रही थी नकली काली मिर्च, गाजियाबाद में छापे से फैक्ट्री का भंडाफोड़

Ghaziabad Black Pepper Adulteration: गाजियाबाद के लोनी में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मसालों की एक फैक्ट्री पर छापा मारकर काली मिर्च में मिलावट के कथित खेल का खुलासा किया है। अधिकारियों के मुताबिक, यहां कम गुणवत्ता और छोटे दानों वाली काली मिर्च को मैदा और गोंद के पेस्ट में डुबोकर उसका आकार और वजन बढ़ाया जा रहा था।

इसके बाद तैयार दानों को चमकदार दिखाने के लिए रिफाइंड का इस्तेमाल किया जा रहा था। छापेमारी में विभाग ने कुल 13.34 लाख रुपये का माल जब्त किया है। मौके से लिए गए पांच नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

मैदा, गोंद और रिफाइंड से तैयार हो रहा था माल

खाद्य सुरक्षा विभाग ने बृहस्पतिवार रात लोनी स्थित केहर फार्म हाउस, सेवा धाम, बेहटा हाजीपुर में कार्रवाई की। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशुतोष राय के मुताबिक, पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई में फैक्ट्री संचालक लोकेश कुमार गुप्ता, निवासी बुद्ध विहार, दिल्ली से पूछताछ की गई।

मौके से अधिकारियों ने बड़ी मात्रा में कच्चा और तैयार माल बरामद किया। जब्त सामान में शामिल हैं:

  • 3,000 किलो मैदा
  • 900 किलो गोंद
  • 1,200 किलो काली मिर्च, छोटे दाने वाला कच्चा माल
  • 975 किलो तैयार काली मिर्च, बड़े और चमकदार दाने
  • 15-15 किलो के 37 टिन रिफाइंड

अधिकारियों के मुताबिक, फैक्ट्री में रिफाइंड की मदद से काली मिर्च (Black Pepper) को चमकदार बनाने का काम भी चल रहा था।

ऐसे बढ़ाते थे काली मिर्च का आकार और वजन

विभाग के अनुसार, कम गुणवत्ता या कम वजन वाली काली मिर्च को पहले गोंद और मैदा के पेस्ट में डुबोया जाता था। इससे दानों का आकार और वजन बढ़ जाता था। इसके बाद काली मिर्च (Black Pepper) को सुखाया जाता और चमकदार रूप देने के लिए रिफाइंड का इस्तेमाल किया जाता था।

विभाग ने मामले में पांच नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं। साथ ही प्रयोगशाला से इनकी फास्ट ट्रैक जांच कराने का अनुरोध किया गया है। खाद्य सुरक्षा विभाग का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: 23 दिन बाद गाजियाबाद की रेप पीड़ित नर्स की FIR हुई दर्ज, पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की

Get real time updates directly on you device, subscribe now.