‘भाजपा जाएगी, नौकरी आएगी’, UPSSSC अभ्यर्थियों के समर्थन में अखिलेश, वेटिंग लिस्ट की मांग उठाई
Akhilesh Yadav on UPSSSC: समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने UPSSSC अभ्यर्थियों की वेटिंग लिस्ट की मांग का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि अगर किसी चयनित अभ्यर्थी के सीट छोड़ने पर उस पद को खाली रखने के बजाय वेटिंग लिस्ट में शामिल अगले अभ्यर्थी को मौका दिया जाए, तो इससे बड़ी संख्या में युवाओं को लाभ मिल सकता है। यह बयान उन्होंने 18 सितंबर को सोशल मीडिया पर जारी किया।
अखिलेश यादव ने कहा कि लंबे समय से नौकरी का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों की यह मांग जायज है। उनके मुताबिक, UPSSSC की सभी भर्तियों में वेटिंग लिस्ट की व्यवस्था होने से चयन प्रक्रिया में खाली रह जाने वाली सीटों पर दूसरे अभ्यर्थियों को अवसर मिल सकेगा।
‘भाजपा जाएगी, नौकरी आएगी’
अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने इस मुद्दे को बेरोजगारी से जोड़ते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के एजेंडे में नौकरी नहीं है। साथ ही कहा कि युवाओं की ऊर्जा रोजगार पाने के संघर्ष में खर्च हो रही है, जबकि यही ऊर्जा राष्ट्र निर्माण में लगनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी UPSSSC अभ्यर्थियों की मांगों के समर्थन में खड़ी है और सरकार बनने पर वेटिंग लिस्ट की व्यवस्था लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है। अखिलेश ने अपने PDA के राजनीतिक नारे का जिक्र करते हुए कहा, “जो पीड़ित, वो PDA” और अंत में कहा, “भाजपा जाएगी, नौकरी आएगी।” ये राजनीतिक दावे और वादे अखिलेश यादव के हैं।
बाबू शिव दयाल सिंह चौरसिया को दी श्रद्धांजलि

इसी बीच लखनऊ स्थित सपा के राज्य मुख्यालय में पिछड़े और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए काम करने वाले बाबू शिव दयाल सिंह चौरसिया की पुण्यतिथि मनाई गई। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में भी पार्टी कार्यालयों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए।
सपा के वरिष्ठ नेता राजेंद्र चौधरी ने अखिलेश यादव की ओर से चौरसिया के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने उनके पिछड़ा वर्ग अधिकारों के लिए किए गए कार्यों को याद किया। उन्होंने साइमन कमीशन के सामने पिछड़ा वर्ग से जुड़ी रिपोर्ट प्रस्तुत की थी और स्वतंत्रता के बाद काका कालेलकर आयोग के सदस्य के रूप में भी काम किया था।
Also Read: आगरा में सपा के अंदर घमासान! मोनिका नाज खान ने छोड़ा पद, अखिलेश को 3 दिन का अल्टीमेटम

