ASI हत्याकांड में पंजाब पुलिस का बड़ा एक्शन, मुख्य आरोपी दीपक सिंह एनकाउंटर में ढेर

ASI Murder Case: पंजाब के अमृतसर में ड्यूटी के दौरान ASI हरजीत सिंह (Harjit Singh) की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शनिवार देर रात हुई मुठभेड़ में हत्याकांड के मुख्य संदिग्ध दीपक सिंह को गोली लगी, जिसके बाद अस्पताल में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मौके से हथियार और अन्य सामान बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक दीपक सिंह मूले चक गांव का रहने वाला था। उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

पुलिस नाके पर फायरिंग के बाद मुठभेड़

पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल के अनुसार, शनिवार रात करीब 10:25 बजे पुलिस नाके पर दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया। दोनों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और दूसरे नाके की तरफ भाग गए।

दूसरे नाके पर भी संदिग्धों ने पुलिसकर्मियों पर चार राउंड फायर किए। जवाबी कार्रवाई में दीपक सिंह घायल हो गया। पुलिस उसे अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मौके से पुलिस ने ये सामान बरामद किया:

  • .30 बोर की पिस्टल
  • दो मैगजीन
  • आठ जिंदा कारतूस
  • एक मोबाइल फोन
  • होंडा एक्टिवा स्कूटर

पीछे से गोली मारकर की गई थी ASI की हत्या

55 वर्षीय ASI हरजीत सिंह (ASI Harjit Singh) 18 सितंबर की रात गेट हकीमा थाना क्षेत्र के दाना मंडी इलाके में PCR ड्यूटी पर तैनात थे। रात करीब 12:30 बजे दोपहिया वाहन से आए हमलावर ने पीछे से उन पर गोली चला दी थी। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी।

हत्याकांड की जांच में पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले। इसके अलावा टावर डंप एनालिसिस और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर दीपक सिंह की पहचान की गई।

मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 और 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत FIR दर्ज की गई है।

परिवार को 1 करोड़ रुपये का मुआवजा

ASI की हत्या (Murder) के बाद पंजाब पुलिस के DGP गौरव यादव ने घटनास्थल का दौरा कर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जांच की समीक्षा की थी। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दिवंगत ASI हरजीत सिंह के परिवार को 1 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है।

पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश के साथ यह पता लगाने में जुटी है कि ASI की हत्या के पीछे पूरी साजिश क्या थी और इसमें कितने लोग शामिल थे।

Also Read: मध्य प्रदेश में नाले के तेज बहाव में बही कार, तीन बच्चों समेत 8 श्रद्धालुओं की मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.