UP होमगार्ड भर्ती में अभ्यर्थी की मौत का खुलासा, दौड़ से नहीं, गले में प्लास्टिक बोतल फंसने से गई जान
Lucknow News: उत्तर प्रदेश में चल रही होमगार्ड भर्ती (UP Home Guard Recruitment) की शारीरिक परीक्षा के दौरान दो अलग-अलग जिलों में अभ्यर्थियों की मौत के मामले सामने आए हैं। लखनऊ में सीतापुर निवासी योगेंद्र सिंह की मौत को लेकर अब नया मोड़ आया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह गले में प्लास्टिक की पानी की बोतल फंसने से दम घुटना बताई गई है। वहीं मुरादाबाद में बरेली निवासी 27 वर्षीय कंप्यूटर साइंस इंजीनियर शिवम यादव की मौत दौड़ के दौरान हार्ट अटैक से हुई।
लखनऊ में योगेंद्र की मौत पर हत्या की रिपोर्ट
लखनऊ के महानगर स्थित 35वीं वाहिनी पीएसी ग्राउंड में मंगलवार को होमगार्ड भर्ती (UP Home Guard) की दौड़ के दौरान सीतापुर के रामकोट मढ़िया रहीमपुर निवासी योगेंद्र सिंह की मौत हो गई थी। शुरुआत में इसे दौड़ के दौरान हुई सामान्य मौत माना गया था, लेकिन 18 सितंबर को सामने आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने मामले को नया मोड़ दे दिया।
रिपोर्ट के मुताबिक, योगेंद्र के शरीर पर 12 चोट के निशान मिले हैं और मौत दम घुटने से हुई। उनके भाई कमल किशोर ने महानगर थाने में अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कमल किशोर का आरोप है कि योगेंद्र के साथ मारपीट की गई और उनके मुंह में जबरन 250 मिली की प्लास्टिक की पानी की बोतल ठूंस दी गई, जिससे उनकी मौत हुई। परिवार ने निष्पक्ष जांच के साथ पीएसी परिसर के CCTV फुटेज खंगालने और घटना के समय मौजूद अभ्यर्थियों व स्टाफ से पूछताछ की मांग की है।
एसीपी महानगर अंकित कुमार के मुताबिक, मामले की जांच के लिए पांच सदस्यीय टीम गठित की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अलावा घटना से जुड़े अन्य सभी पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
मुरादाबाद में फिनिश लाइन से 50 मीटर पहले गिरे शिवम
उधर, मुरादाबाद में बरेली निवासी कंप्यूटर साइंस से बीटेक 27 वर्षीय शिवम यादव की होमगार्ड भर्ती दौड़ के दौरान मौत हो गई। नौवीं वाहिनी पीएसी मैदान में शुक्रवार सुबह पांचवीं पाली में उनकी 4800 मीटर की दौड़ थी, जिसे 28 मिनट में पूरा करना था।
शिवम ने 11 राउंड पूरे कर लिए थे और 12वें यानी आखिरी राउंड में थे। सुबह करीब 8:16 बजे जब वह लक्ष्य से महज 50 मीटर दूर थे और समय पूरा होने में लगभग 50 सेकंड बाकी थे, तभी अचानक बेहोश होकर मैदान में गिर पड़े। मौके पर मौजूद स्वास्थ्य विभाग की टीम और पुलिसकर्मियों ने उन्हें CPR दिया, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम में शिवम की मौत की वजह हार्ट अटैक की पुष्टि हुई है। वह बरेली के सुभाष नगर क्षेत्र के रहने वाले थे और उनके पिता विनोद यादव अधिवक्ता हैं। शिवम कंप्यूटर साइंस से बीटेक करने के बाद होमगार्ड भर्ती की तैयारी कर रहे थे।
Also Read: PNC इन्फ्राटेक पर NHAI के बाद LDA सख्त, 194 करोड़ के प्रोजेक्ट से डिबार करने की तैयारी

